



बिना कलर कोडिंग और बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे 37 ई-रिक्शा के खिलाफ यातायात पुलिस ने की चालानी कार्यवाही
???? यातायात जागरूकता के तहत एनसीसी कैडेट्स के साथ यातायात पुलिस द्वारा आमजन को यातायात के सामान्य नियमों के बारे में बताया गया।
ग्वालियर 07.12.2024 । शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिये पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर यातायात जागरूकता अभियान चलाया जाकर बिना कलर कोडिंग के संचालित हो रहे ई-रिक्शा के खिलाफ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यवाही की जा रही है। आज चेकिंग के दौरान 37 ई-रिक्शाओं को जप्त कर यातायात थानों पर खड़ा किया गया।
उक्त निर्देशों के अनुक्रम में अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व/यातायात/अपराध) श्री कृष्ण लालचंदानी(भापुसे) के मार्गदर्शन में डीएसपी यातायात श्री अजीत सिंह चौहान के द्वारा यातायात के समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में रेण्डम चेकिंग कर बिना रजिस्ट्रेशन के ई-रिक्शा, बिना कलर कोडिंग के ई-रिक्शा एवं शिफ्ट का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर चालानी कार्यवही करने हेतु लगाया गया। आज दिनांक 07.12.2024 को प्रातः यातायात पुलिस ग्वालियर द्वारा गोला का मन्दिर चौराहा, केआरजी कॉलेज, रेलवे स्टेशन, बस स्टेण्ड क्षेत्र में अभियान चलाकर कलर कोडिंग का उल्लंघन करने वाले एवं बिना रजिस्ट्रेशन चलने वाले ई-रिक्शाओं पर विशेष चेकिंग लगा कर कार्यवाही की गई और चेकिंग के दौरान 37 ई-रिक्शाओं को जप्त कर यातायात थानों पर खड़ा किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
आज यातायात जागरूकता अभियान के तहत गोला का मन्दिर चौराहा पर पुलिस अधीक्षक ग्वालियर के निर्देश पर सूबेदार प्रमोद साहू और यातायात स्टाफ के साथ एनसीसी कैडेट्स के साथ आमजन को यातायात के सामान्य नियमों जैसे हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्रिंक एण्ड ड्राइव के बारे में बताया गया और साथ ही यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा भी वाहन चला रहे चालकों को यातायात नियमों को पालन करने की समझाइश दी गई और हाथों में यातायात जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।



