सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने मेला व्यापारियों को दिया भरोसा

: अतुल मल्होत्रा आज तक 24×7 रिपोर्ट।

ग्वालियर मेला की शान में नहीं लगने देंगे बट्टा, हर व्यापारी के साथ होगा न्याय
मेला व्यापारियों एवं कैट की ग्वालियर टीम ने राष्ट्रीय महासचिव एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री से मदद मांगते हुए कहा कि मेला को नष्ट भ्रष्ट करने की साजिशों को रोका जाए, समस्याओं का कराएं निराकरण
ग्वालियर, 25 अक्टूबर। कैट, ग्वालियर की वेंडर सेल के जिला संयोजक, ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया एवं कैट के संभागीय कार्यालय मंत्री, मेला व्यापारी संघ के संयुक्त अध्यक्ष व प्रवक्ता अनिल पुनियानी के नेतृत्व में आज रात्रि मेला व्यापारियों ने कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महासचिव सांसद प्रवीण खंडेलवाल तथा राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेन्द्र जैन से मुलाकात कर महान सिंधिया परिवार द्वारा स्थापित ऐतिहासिक ग्वालियर व्यापार मेला की दुर्दशा एवं उपेक्षा रोकने के लिए कैट के राष्ट्रीय नेतृत्व की मदद मांगी एवं अपनी दुकानों को लेकर अनिश्चितता एवं असमंजश से जूझ रहे मेला दुकानदारों को संकट से उबारने कारगर हस्तक्षेप की गुहार लगाई।
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महासचिव सांसद प्रवीण खंडेलवाल तथा राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेन्द्र जैन से भेंटकर कैट, ग्वालियर टीम एवं मेला व्यापारी संघ के वरिष्ठ पदाधिकारीगण महेंद्र भदकारिया एवं अनिल पुनियानी ने उन्हें ज्ञापन पत्र देते हुए ग्वालियर मेला की दुकानों के किराए में की गई जबरदस्त वृद्धि को तत्काल वापस लेने, पुराने दुकानदारों को प्राथमिकता के आधार पर पहले दुकान आवंटित करने एवं दुकानों की नीलामी या ओक्शन के प्रोसेस को रोकने का विनम्र आग्रह किया। मेला व्यापारी संघ ने कैट के राष्ट्रीय नेतृत्व से मुलाकात में सर्वाधिक चिंता इस बात पर जताई कि शिकमी एवं फर्जी दुकानदारों का भय दिखाकर अपनों को उपकृत करने के लिए ऐन केन प्रकारेण ऐसे सुपात्र दुकानदारों से उनकी दुकानें छीनने की साज़िश रची जा रही है जो विगत कई पीढ़ियों से ग्वालियर मेला में दुकानें या शोरूम लगाते आ रहे हैं। कैट से जुड़े मेला व्यापारी संघ के स्थानीय पदाधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि कोई शिकमी अथवा फर्जी दुकानदार है तो निष्पक्ष जांच कर उन पर न्यायोचित कार्यवाही का डंडा चलाया जाए, मेला व्यापारी संघ एवं कैट के स्थानीय पदाधिकारी बीच में नहीं बोलेंगे।
कैट के राष्ट्रीय महासचिव सांसद प्रवीण खंडेलवाल तथा राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेन्द्र जैन ने मेला व्यापारियों की बात को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद आश्वस्त किया कि वे निश्चिंत रहें, एक भी पात्र मेला व्यापारी के साथ उनका संगठन नाइंसाफी नहीं होने देगा। कैट के राष्ट्रीय नेतृत्व ने कैट की ग्वालियर टीम के स्थानीय वरिष्ठ पदाधिकारियों को अधिकृत करते हुए निर्देशित किया कि वे मेला व्यापारियों और प्राधिकरण, दोनों पक्षों से बात कर व्यापारियों द्वारा ज्ञापन में रखे गए प्रत्येक बिन्दु का ऐसा सर्वसम्मत समाधान निकालें कि मेला व्यापारियों को दुकान आवंटन से लेकर किराए, बिजली शुल्क, शिकमी संबंधी झूठी शिकायतों, आधारभूत सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था तक किसी भी मामले में भविष्य में असुविधा अथवा समस्या का सामना न करना पड़े। सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि वे अपने स्तर पर इस दिशा में गंभीर प्रयास करेंगे कि बड़े महाराज के समय से प्रतिवर्ष मेला में 26 जनवरी के बाद नियमित व पुराने दुकानदारों की दुकानें आरक्षित कर दी जाती थी, इस परंपरा में कोई फेरबदल नहीं किया जाए।
मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया एवं संयुक्त अध्यक्ष व प्रवक्ता अनिल पुनियानी ने इस अवसर पर कृतज्ञता जताते हुए कहा कि ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ को सदैव से कैट की ग्वालियर टीम का मार्गदर्शन एवं आत्मीय सहयोग प्राप्त होता रहा है, जिसके लिए कृतज्ञ हैं। संकट की घड़ी में हम मेला व्यापारियों का सदैव कैट एवं अन्य स्थानीय व्यापारी संगठनों की ओर से मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
ज्ञापन पत्र में यह रखी गई मांगें…
ज्ञापन पत्र में कहा गया है कि ग्वालियर व्यापार मेला में वर्ष 2025_26 के मेला के लिए दुकानों, शोरूमों, चबूतरों के किराए में इस कदर वृद्धि कर दी गई है कि वर्षों से ग्वालियर मेला में दुकानें, शोरूम एवं झूले लगाते आ रहे दुकानदार अब गंभीरता से यह विचार करने लगे हैं कि ग्वालियर मेला में इस वर्ष दुकानें लगाएं अथवा नहीं । प्रतीत होता है कि मेला प्राधिकरण किसी न किसी बहाने से व्यापारियों को उत्पीड़ित करने पर आमादा है। मेला को नष्ट किया जा रहा है। मेला व्यापारी संघ ने आग्रह किया कि दुकानों के किराए में वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए। मेला व्यापारी संघ को ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाने पर कोई एतराज नहीं है क्योंकि मेला व्यापारी संघ ने ही आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए ऑनलाइन प्रोसेस की बात कही थी लेकिन हमारी मांग यह है कि नीलामी, ऑक्शन और ईटेंडरिंग के दायरे से मेला के पुराने एवं परंपरागत दुकानदारों को मुक्त रखा जाए। मेला व्यापारी संघ ने कैट के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण खंडेलवाल से यह भी आग्रह किया कि वे माननीय सांसद होने के नाते अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए मेला के पुराने एवं परंपरागत दुकानदारों को बिना नीलामी के और विगत वर्ष के पंजीयन के आधार पर दुकानें आवंटित की जाएं। दुकान आवंटन के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन, दोनों प्रोसेस अपनाए जाएं। एक भी पुराने दुकानदार से दुकान न छीनी जाए। प्रेषक महेन्द्र भदकारिया, जिला संयोजक वेंडर सेल, कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट), ग्वालियर

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

50% LikesVS
50% Dislikes