संवाददाता– धमेंद्र पाटीदार लटेरी
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर आनंदपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में देशभक्ति की अनूठी झलक देखने को मिली। अवसर था — राज्य स्थापना दिवस समारोह का, जिसमें जैन समाज के दिगंबर मुनि निरंजन सागर महाराज सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। बच्चों ने देशभक्ति गीतों और नृत्यों से माहौल को भावनाओं से भर दिया।
इस मौके पर मुनि श्री ने कहा —
“देश सबसे पहले है, उसके बाद ही हम जाति या धर्म के लोग हैं।”
उन्होंने बताया कि उनके छोटे भाई लेफ्टिनेंट गौतम जैन ने मात्र 21 वर्ष की उम्र में कारगिल युद्ध में शहादत दी थी। मुनि श्री के इन शब्दों से पूरा सभागार देशभक्ति के जज़्बे से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान शहीदों की स्मृति में ज्योति प्रज्वलित की गई। विद्यालय प्राचार्य राजेश मीणा ने कहा —
“हम हर साल यह कार्यक्रम करते हैं, लेकिन इस बार मुनि श्री के आगमन से विद्यार्थियों में अभूतपूर्व ऊर्जा देखने को मिली।”
नायब तहसीलदार हेमंत अग्रवाल ने कहा —
“बच्चों को देश से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन जरूरी हैं, ताकि उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना बनी रहे।”
इस अवसर पर आनंदपुर मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
वहीं स्थानीय चित्रकार कालू पेंटर ने शहीद लेफ्टिनेंट गौतम जैन की भावपूर्ण तस्वीर बनाकर उन्हें नमन किया।
देशभक्ति और एकता के संदेश से भरे इस आयोजन ने आनंदपुरवासियों के दिलों में गर्व और प्रेरणा की नई ज्योति जलाकर शाहिद लेफ्टिनेंट गौतम को याद किया।



