शिक्षा में सुधार के लिए निरीक्षण अभियान जार
जिला शिक्षा अधिकारी ने धनसुआ, जागपुर, टेकाडी, आवंलाझरी और बोदा के स्कूलों का अकादमिक निरीक्षण किया
29 नवंबर को जिला शिक्षा अधिकारी बालाघाट श्री ए.के.उपाध्याय द्वारा शा.उ.मा.वि. धनसुआ, शा. हाई स्कूल जागपुर, टेकाड़ी, आवलाझरी एवं बोदा का अकादमिक निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता, परीक्षा परिणामों में सुधार, प्रायोगिक कार्य कराने तथा विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए गए ।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री उपाध्याय ने प्राचार्यों को निर्देशित किया कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं के डी एवं ई ग्रेड वाले विद्यार्थियों के लिए प्रतिदिन रेमीडियल कक्षाएँ अनिवार्य रूप से संचालित की जाएँ, ताकि बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकें । सभी प्राचार्य डी एव ई ग्रेड वाले विद्यार्थियों की सूची तैयार कर अपने टेबल पर उपलब्ध रखें, ताकि निरीक्षण के दौरान उसका अवलोकन किया जा सके । इसके साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं के प्रायोगिक कार्य विषय शिक्षकों के माध्यम से समय पर कराए जाने के निर्देश दिए । विद्यालयों की अकादमिक योजना बनाते समय कठिन विषयों का समावेश करते हुए प्रतिदिन पढ़ाए जाने वाले अध्यायों को टाइम-टेबल में सुनिश्चित रूप से शामिल करने पर भी जोर दिया । जिला शिक्षा अधिकारी श्री उपाध्याय ने यह भी निर्देशित किया कि रेमीडियल कक्षाओं में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि कमजोर विद्यार्थियों को अधिकतम शैक्षणिक लाभ मिल सके ।



