तहसीलदार के नेतृत्व में पुलिस-राजस्व टीम का निरीक्षण, विवादित भूमि पर निर्माण कार्य रुकवाय
कालपी (जालौन)
नगर के टरननगंज बाजार क्षेत्र में एक भूखंड पर कराए जा रहे निर्माण कार्य को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। तहसीलदार अभिनव तिवारी के नेतृत्व में पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को निर्माणाधीन स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर विवादित भूमि पर चल रहे कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया। प्रशासनिक कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टरननगंज बाजार में स्थित एक महाविद्यालय के समीप एक धर्मस्थल के रास्ते एवं परिक्रमा स्थल की भूमि में कथित रूप से अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत उच्च अधिकारियों से की गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि सार्वजनिक व धार्मिक महत्व की भूमि पर निजी निर्माण कराया जा रहा है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होने के साथ-साथ भविष्य में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। यह मामला बीते कई दिनों से सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ था।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार अभिनव तिवारी राजस्व निरीक्षक प्रमोद दुबे, लेखपाल तथा टरननगंज चौकी इंचार्ज सुरेश चंद्र, सिपाही अभिषेक कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने पूरे भूखंड का बारीकी से निरीक्षण किया और निर्माण की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान भूखंड स्वामी से भूमि से संबंधित स्वामित्व के अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया। वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत न किए जाने पर प्रशासन ने निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए।
तहसीलदार अभिनव तिवारी ने स्पष्ट किया कि जब तक भूमि के वैध कागजात प्रस्तुत कर जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। यदि जांच में अवैध कब्जा या नियमों का उल्लंघन पाया गया तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में चर्चा तेज हो गई है और लोग अब जांच रिपोर्ट व आगे की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।



