संदिग्ध हालात में युवक का पेड़ से लटका मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप।

संदिग्ध हालात में युवक का पेड़ से लटका मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

 

जरहा गांव के चेतवां जंगल में रेणुकूट-बीजपुर मार्ग की घटना।

 

आज तक 24x7news सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट।

 

बीजपुर सोनभद्र । बीजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा जरहा गांव के चेतवां जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेजने की प्रक्रिया में जुट गई। मौके पर फॉरेंसिक टीम और दुद्धी सीओ राजेश कुमार राय पहुंचे और जांच-पड़ताल कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

मृतक की पहचान परवेश कुमार पुत्र स्व. गुलाब चंद वैश्य, उम्र 20 वर्ष, निवासी नेमना के रूप में हुई है। वह शुक्रवार शाम घर से निकला था और देर रात तक वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह जरहा गांव के चेतवा जंगल में राहगीरों ने युवक का शव पेड़ से लटका देखा। शव की जानकारी परिजनों को मिली तो वे मौके पर पहुंचकर दहाड़ मारकर रोने लगे।

 

लोगों की सूचना पर एसओ राजेश कुमार सिंह दल-बल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए मातहतों को निर्देश दिए। मृतक के भाई सर्वेश कुमार वैश्य की तहरीर पर उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह व दिनानाथ राम अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटे हैं। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं।

 

इस बाबत सीओ दुद्धी राजेश कुमार राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट होंगे।

 

इनसेट •

परिजनों के मुताबिक परवेश दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। पिता का साया उसके सिर से पहले ही उठ चुका था। मृतक बी.ए. में अध्ययनरत छात्र था। युवक के साथ कैसे घटना घटी, यह परिजनों को समझ नहीं आ रहा। बहन की शादी हो चुकी है जबकि दोनों भाई अविवाहित थे। हृदयविदारक इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

100% LikesVS
0% Dislikes

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज

मौसम का हाल

मौसम डेटा स्रोत: https://weatherlabs.in