,*6 महीने का अफेयर, 2 महीने की शादी और अब… एसपी ऑफिस के चक्कर काटने को मजबूर शिवपुरी की बेटी!
10/6/2026
लोकेशन जिला शिवपुरी मध्य प्रदेश
अरशद अली की रिपोर्ट
9713906075
=================
आधुनिक दौर में सोशल मीडिया पर होने वाला प्यार जितनी जल्दी परवान चढ़ता है, उतनी ही जल्दी इसके बिखरने की कहानियां भी सामने आ रही हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला शिवपुरी में सामने आया है, जहाँ नया अमोला की रहने वाली राखी जाटव न्याय की गुहार लगाने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। पीड़िता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे यह साफ होता है कि महज दो महीने पहले जिस रिश्ते की शुरुआत बड़े अरमानों के साथ हुई थी, वह अब प्रताड़ना और मानसिक दर्द का सबब बन चुका है।
पीड़िता राखी ने बताया कि करीब छह महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए उसकी मुलाकात ग्वालियर के पास बिजौली थाना क्षेत्र के ग्राम मुगलपुरा निवासी राहुल मौर्य से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में प्यार हुआ और छह महीने के रिलेशनशिप के बाद दोनों पक्षों की रजामंदी से उनका विवाह संपन्न हुआ। राहुल मौर्य जयपुर के एक होटल में नौकरी करता है। शादी के बाद राखी बेहद खुश थी, लेकिन उसकी यह खुशी ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सकी। शादी के दो महीने भी पूरे नहीं हुए और पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। राखी का आरोप है कि उसका पति राहुल उसके चरित्र पर झूठे संदेह करता है और उसे ‘कैरेक्टरलेस’ बताते हुए ब्लैकमेल करता है।
परेशानी यहीं खत्म नहीं होती, राखी ने यह भी बताया कि ससुराल वाले उसे अपने साथ रखने के लिए तैयार नहीं हैं और उसे मायके से पैसे लाने के लिए मजबूर कर रहे हैं। पति राहुल न सिर्फ राखी के साथ मारपीट करता है, बल्कि उसकी 60 वर्षीय बुजुर्ग माँ और बहन पर भी झूठे आरोप लगाकर उन्हें धमकाता है। पीड़िता का कहना है कि उसका भाई और पिता नहीं हैं, ऐसे में उसकी माँ इतनी बड़ी रकम कहाँ से लाएगी। पति द्वारा अलग-अलग नंबरों से फोन कर जान से मारने की धमकियां मिलने के बाद, परेशान होकर राखी ने आज बुधवार की दोपहर 3 बजे शिवपुरी एसपी कार्यालय में आवेदन देकर आरोपी पति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वाईट पीड़ित महिला
*जिला शिवपुरी से क्राइम रिपोर्टर अरशद अली की रिपोर्ट*



