*बभनी में खड़े टैंकर से टकराई कार, महिला की मौके पर मौत, 5 घायल – 2 की हालत गंभीर
*आज तक 24x7news सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट।*
*बभनी, सोनभद्र।* सोनभद्र जिले के बभनी-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर विष्णुप्रिया ढाबा, पोखरा के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
बलिया जिले के सिकंदरपुर निवासी एक परिवार कार से रेणुकूट होते हुए रायपुर, छत्तीसगढ़ जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े टैंकर में कार पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
*हादसे में महिला की मौत, 5 घायल*
हादसे में रूचि सिंह, 33, पत्नी पवन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं यतेंद्र सिंह, मालती सिंह, पवन सिंह, पंकज सिंह और चार वर्षीय रिमझिम घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
*2 घायलों को वाराणसी रेफर, पुलिस जांच में जुटी*
ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रूचि सिंह को मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक उपचार के बाद यतेंद्र सिंह, 70, पुत्र धर्मदेव सिंह और पवन सिंह, 35, पुत्र यतेंद्र सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



