Skip to main content

Aaj Tak24x7

महुली नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में रोमांच का तड़का, राकिब की तूफानी पारी ने लूटी महफिल।

महुली नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में रोमांच का तड़का, राकिब की तूफानी पारी ने लूटी महफिल।

30 गेंदों पर 91 रन की विस्फोटक बल्लेबाजी।

 

आज तक 24x7news सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट।

 

महुली सोनभद्र। दुद्धी तहसील अंतर्गत महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के सातवें दिन रविवार की रात खेले गए तीन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दिन का सबसे बड़ा आकर्षण पुनर्वास कॉलोनी के बल्लेबाज राकिब रहे, जिन्होंने मात्र 30 गेंदों पर 91 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैदान में चौकों-छक्कों की बरसात कर दी।

 

ब्लॉक दुद्धी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 70 रन बनाए। जवाब में जय बजरंग दल विंढमगंज ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए केवल 5 ओवर में 2 विकेट खोकर 71 रन बनाकर मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम कर लिया। विंढमगंज के सोनू ने 17 गेंदों पर 36 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रधानाध्यापक अवधेश कुमार कन्नौजिया के हाथों प्राप्त किया।

 

आरसी रामनगर दुद्धी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 5 विकेट पर 92 रन बनाए, जिसमें सूरज ने 16 गेंदों पर 22 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पकरी की टीम 47 रन पर सिमट गई। इस प्रकार रामनगर ने 47 रन से शानदार जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। आर्यन ने 4 विकेट लेने के साथ 6 गेंदों पर 20 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता, जिसे पूर्व फुटबॉल कप्तान राजनाथ गोस्वामी ने प्रदान किया।

*तीसरा मुकाबला – दिन का सबसे रोमांचक:*

पुनर्वास कॉलोनी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 4 विकेट पर 123 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस दौरान राकिब ने मात्र 30 गेंदों पर 91 रन की तूफानी पारी खेलकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। जवाब में सुंदरी की टीम 8 ओवर में 7 विकेट पर 88 रन ही बना सकी और पुनर्वास कॉलोनी ने 35 रन से जीत दर्ज कर अगले चरण में जगह बना ली। राकिब को उनकी विस्फोटक पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

 

मैच में अंपायर की भूमिका नंदकिशोर कन्नौजिया एवं आशु गोस्वामी ने निभाई, जबकि स्कोरिंग जसवंत कुमार व सौरभ तथा कमेंट्री सूरज कुमार एवं आयुष ने की।

 

इस अवसर पर टूर्नामेंट अध्यक्ष अरविंद जायसवाल ग्राम प्रधान महुली, राजनाथ गोस्वामी, अमरेश कुमार कन्नौजिया, राकेश अहीर ग्राम पंचायत अधिकारी, शिवम कुमार कन्नौजिया, सन्नी कुमार, सोनू कुमार कन्नौजिया सहित सैकड़ों खेल प्रेमी उपस्थित रहे। टूर्नामेंट में बढ़ते रोमांच और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से क्षेत्र में खेल के प्रति उत्साह चरम पर है।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

यह भी पढ़ें

शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय बस्ती अनूपपुर में अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिवार एवं छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को शिक्षा और साक्षरता के प्रति जागरूक किया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज में प्रत्येक व्यक्ति को पढ़ने-लिखने योग्य बनाने का संदेश दिया। साथ ही आसपास के असाक्षर व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें अक्षर साथियों के माध्यम से साक्षर बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में संस्था प्रधान के निर्देशन में साक्षरता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। अजय कुमार प्रसाद ने विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के इतिहास, उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना सीखना नहीं, बल्कि व्यक्ति को अपने अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाने का माध्यम है। सविता प्रजापति, विद्या राठौड़ एवं विकासखंड जैतहरी के बीएससी गंगा दिन राठौर ने भी साक्षरता अभियान की जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों से असाक्षर लोगों को साक्षर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रधान ने सभी अतिथियों, नागरिकों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। रिपोर्टर दिनेश केवट अनुपपुर

टॉप स्टोरीज

मौसम का हाल

मौसम डेटा स्रोत: https://weatherlabs.in