*दुद्धी में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर कौशल विकास पर विशेष कार्यक्रम आयोजित।
*आज तक 24x7news सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट।*
*दुद्धी, सोनभद्र।* केंद्र में भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे दुद्धी में यूनिवर्सल आइडियल सेवा समिति (यूआईएस) के तत्वावधान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और छात्रों को केंद्र सरकार की उपलब्धियों व कौशल विकास योजनाओं की जानकारी देना तथा उन्हें स्वरोजगार के अवसरों के प्रति प्रेरित करना था। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व दुद्धी विधानसभा प्रत्याशी श्रवण सिंह गोड़ रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिला महामंत्री सुरेन्द्र अग्रहरी उपस्थित थे।
श्रवण सिंह गोड़ ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सेवाओं और रोजगार के क्षेत्र में ठोस प्रगति की है। उन्होंने बताया कि सरकार कौशल विकास पर विशेष बल दे रही है ताकि युवा आत्मनिर्भर बनें और रोजगारपरक प्रशिक्षण से बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
सुरेन्द्र अग्रहरी ने छात्रों से कहा कि आज के दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं, कौशल हासिल करना भी जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना PMKVY का उल्लेख करते हुए युवाओं से इन अवसरों का भरपूर लाभ उठाने और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के विकल्प तलाशने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने छात्रों के प्रश्नों का उत्तर दिया और उन्हें उपलब्ध प्रशिक्षण व योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में अरविंद तिवारी, भूपेश चौबे, विष्णु अग्रहरी, मनीष जायसवाल, भोलू जायसवाल सहित कई कार्यकर्ता व शिक्षक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन युवाओं को निरंतर सीखते रहने और देश की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने के संदेश के साथ हुआ।