*मोहर्रम जाने की जिद से शुरू हुआ विवाद: गर्भवती भाभी घायल, अस्पताल में बयान को लेकर भी उठा विवाद
दिनांक 20/6/2026
लोकेशन जिला शिवपुरी मध्य प्रदेश
अरशद अली की रिपोर्ट
9713906075
=================
शिवपुरी। शहर की जवाहर कॉलोनी निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, धमकी देने और झूठे मामलों में फंसाने की आशंका जताते हुए देहात थाना पुलिस को शिकायत दी है। पीड़ित ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता सोहेल खान ने आवेदन में बताया कि उनका निकाह अप्रैल 2025 में विदिशा जिले की निवासी रूबीना के साथ हुआ था। वर्तमान में उनकी पत्नी गर्भवती है। आवेदन के अनुसार मोहर्रम के दौरान मायके जाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था।
सोहेल खान का आरोप है कि विवाद के बाद उनकी पत्नी ने अपने मायके पक्ष को बुला लिया। इसके बाद 18 जून को पत्नी के परिजन उनके घर पहुंचे और कथित रूप से विवाद करते हुए मारपीट और धक्का-मुक्की की। शिकायत में कहा गया है कि बीच-बचाव के दौरान उनकी मां, भाई और अन्य परिजनों के साथ भी अभद्रता की गई।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि धक्का-मुक्की के दौरान उनकी नौ माह की गर्भवती भाभी पेट के बल गिर गईं, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। शिकायतकर्ता का दावा है कि डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर बताया और जच्चा-बच्चा दोनों की जान को खतरा होने की आशंका जताई।
मामले में नया मोड़ तब आया जब परिजनों ने आरोप लगाया कि देहात थाने के एएसआई केदार सिंह जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक गर्भवती महिला के बयान दर्ज करने में टालमटोल की। परिजनों का आरोप है कि एएसआई दूसरे पक्ष का समर्थन कर रहे थे। इसी दौरान महिला की तबीयत और बिगड़ गई तथा दर्द बढ़ने पर उसे शिवपुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजनों ने इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सोहेल खान ने अपनी पत्नी पर पूर्व में सोने के हार को लेकर झूठे आरोप लगाने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि परिवार पर चोरी का आरोप लगाया गया था, जिसके बाद मामला शांत कराने के लिए नया हार खरीदकर दिया गया था।
पीड़ित ने आशंका जताई है कि पत्नी और उसके परिजन उन्हें झूठे आपराधिक मामलों में फंसा सकते हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर पत्नी रूबीना, उसके भाई अजहर, साले नदीम और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
वाईट शबनम गर्भवती महिला
*जिला शिवपुरी से क्राइम रिपोर्टर अरशद अली की रिपोर्ट*