केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना को विकास, पर्यावरण और ऊर्जा क्षेत्र की दी बड़ी सौगात*

 

*गुना*

*27 जून 2026*

 

*केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना को विकास, पर्यावरण और ऊर्जा क्षेत्र की दी बड़ी सौगात

 

*‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत कूनो उद्गम स्थल पर 700 पौधों का रोपण, ₹17.98 लाख के चेक डैम और ₹20 करोड़ के सोलर प्लांट का उद्घाटन*

 

*₹16.92 करोड़ की लागत से बने आधुनिक आईटीआई भवन एवं धनवाड़ी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण, युवाओं और ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ*

 

गुना। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा स्थानीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज अपने गुना प्रवास के दूसरे दिन विकास, पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, कौशल विकास और स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े अनेक कार्यक्रमों में सहभागिता की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत उन्होंने गुना जिले के कांजा ग्राम स्थित कूनो नदी उद्गम स्थल पर 700 पौधों का रोपण किया। इसके साथ ही उन्होंने ‘जल गंगा संवर्धन अभियान–जन संरक्षण का जन आंदोलन’ का शुभारंभ किया, ग्राम चिनेरा में ₹17.98 लाख की लागत से निर्मित चेक डैम का लोकार्पण किया तथा खुटियावाड़ में ₹20 करोड़ की लागत से निर्मित 4.5 मेगावाट क्षमता वाले सनगार्नर सोलर प्लांट का उद्घाटन किया। बाद में तिलवारा (मार्की माहू) में लगभग ₹14.74 करोड़ की लागत से निर्मित आधुनिक आईटीआई भवन तथा ₹2.18 करोड़ की लागत से बने धनवाड़ी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण भी किया।

 

*पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन को जनभागीदारी से जोड़ने का आह्वान*

कूनो नदी उद्गम स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही सफल हो सकता है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है तथा प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधारोपण और जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पूरे देश में जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है और यह अभियान प्रकृति संरक्षण के साथ मातृत्व के सम्मान का भी प्रतीक है।

 

*जल संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को मिली नई मजबूती*

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने ग्राम चिनेरा में ₹17.98 लाख की लागत से निर्मित चेक डैम का लोकार्पण करते हुए कहा कि जल संरचनाओं का निर्माण भविष्य की पीढ़ियों के लिए अमूल्य निवेश है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण ही कृषि, पर्यावरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार है।

 

इसके उपरांत खुटियावाड़ में ₹20 करोड़ की लागत से निर्मित 4.5 मेगावाट क्षमता वाले सनगार्नर सोलर प्लांट का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रतिवर्ष लगभग 75 लाख यूनिट स्वच्छ बिजली का उत्पादन करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा यह परियोजना उसी संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगी।

 

*कौशल विकास और बिजली अधोसंरचना को नई गति*

तिलवारा (मार्की माहू) में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने लगभग ₹14.74 करोड़ की लागत से निर्मित आधुनिक आईटीआई भवन का लोकार्पण करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह संस्थान क्षेत्र के युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

उन्होंने ₹2.18 करोड़ की लागत से निर्मित धनवाड़ी विद्युत उपकेंद्र का भी लोकार्पण किया और कहा कि इससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति और अधिक सुदृढ़ होगी, जिससे किसानों, घरेलू उपभोक्ताओं तथा स्थानीय उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा।

 

*विकास और पर्यावरण साथ-साथ आगे बढ़ेंगे : सिंधिया*

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आधारभूत अधोसंरचना, हरित ऊर्जा, जल संरक्षण, कौशल विकास और पर्यावरण संरक्षण को समान प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन विकास कार्यों से गुना जिले के समग्र विकास को नई गति मिलेगी और क्षेत्र आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

100% LikesVS
0% Dislikes

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज

मौसम का हाल

मौसम डेटा स्रोत: https://weatherlabs.in