- *भजन संध्या में गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश, “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत आमजन को किया जागरूक*
🔹 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजावल जग्गा ने बाल भवन सिटी सेंटर में उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
ग्वालियर, दिनांक 28.06.2026। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “सेफ क्लिक 2.0” साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजावल जग्गा द्वारा बाल भवन, सिटी सेंटर, ग्वालियर में आयोजित भजन संध्या कार्यक्रम में उपस्थित आमजन, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जग्गा ने नागरिकों को बताया कि साइबर अपराधी लोगों को झांसे में लेने के लिए फर्जी लिंक, संदिग्ध संदेश एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें तथा किसी भी अनजान सोशल मीडिया ग्रुप में शामिल होने से बचें।
उन्होंने लोगों को अपने मोबाइल फोन, बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, पिन एवं पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी। साथ ही बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा संबंधी नवीनतम जानकारी प्राप्त करने के लिए CyberDost हैंडल को फॉलो करने के लिए भी प्रेरित किया गया।



