*केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना में की विकास परियोजनाओं की बौछार*
*₹3 करोड़ की नवीन फल एवं सब्जी मंडी का भूमिपूजन, ₹11.64 करोड़ की तीन सड़कों का लोकार्पण एवं 160 हितग्राहियों को पट्टों का वितरण*
*पीएम स्वनिधि हितग्राहियों और स्वयं सहायता समूहों से संवाद, टेकरी सरकार में किए दर्शन-पूजन*
*गुना/भोपाल- 28 जून, 2026।* केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा स्थानीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज अपने गुना प्रवास के तीसरे दिन विकास, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याण से जुड़े अनेक कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने गुना बायपास के समीप लगभग ₹3 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली नवीन फल एवं सब्जी मंडी का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इसके साथ ही स्वनिधि 1.64 करोड़ की लागत से निर्मित तीन प्रमुख सड़कों का लोकार्पण किया, 160 हितग्राहियों को भूमि के पट्टों का वितरण किया, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया तथा टेकरी सरकार में हनुमान जी के दर्शन-पूजन कर प्रदेश एवं देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
*किसानों को आधुनिक मंडी की सौगात*
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने गुना बायपास के निकट लगभग ₹3 करोड़ की लागत से बनने वाली नवीन फल एवं सब्जी मंडी का भूमिपूजन करते हुए कहा कि यह मंडी क्षेत्र के फल एवं सब्जी उत्पादक किसानों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त मार्केटिंग व्यवस्था उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और कृषि अवसंरचना मजबूत हो, यही केंद्र एवं प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
*पीएम स्वनिधि और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से किया संवाद*
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने चंदा बैरागी, सोना खान, मीनाक्षी, कामिनी शर्मा तथा ‘ड्रोन दीदी’ किरण अहिरवार जैसी महिलाओं की प्रेरणादायक सफलता की कहानियां सुनीं।
सिंधिया ने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होती हैं तो पूरा परिवार और समाज आगे बढ़ता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिन स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का वार्षिक कारोबार ₹1 करोड़ से अधिक होगा तथा जिन्हें लोडिंग वाहन की आवश्यकता होगी, उन्हें सांसद निधि से वाहन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति आत्मनिर्भर और सशक्त नारी है।
*₹11.64 करोड़ की लागत से तीन सड़कों का लोकार्पण*
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बरखेड़ा गिर्द से दूरदुरु रोड (4.3 किमी) का ₹5.52 करोड़, बूढ़े बालाजी से हनुमान टेकरी रोड (1.88 किमी) का ₹3.87 करोड़ तथा महुगूड़ा फाटक से बमोरी बुजुर्ग रोड (2.5 किमी) का ₹2.25 करोड़ की लागत से निर्मित सड़क का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें विकास, व्यापार और नागरिक सुविधाओं की मजबूत आधारशिला होती हैं तथा इन परियोजनाओं से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
*160 हितग्राहियों को मिले भूमि के पट्टे*
कार्यक्रम के दौरान बूढ़े बालाजी में केंद्रीय मंत्री ने 160 हितग्राहियों को भूमि के पट्टों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को भूमि का अधिकार दिलाना सामाजिक न्याय और सम्मानजनक जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
*टेकरी सरकार में की पूजा-अर्चना*
गुना प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने टेकरी सरकार पहुंचकर हनुमान जी के दर्शन-पूजन किए तथा प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगल की कामना की। उन्होंने कहा कि यह पावन धाम वर्षों से आस्था, भक्ति और शक्ति का केंद्र रहा है तथा बजरंगबली का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए, यही उनकी प्रार्थना है।
*विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता*
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में गुना संसदीय क्षेत्र में आधारभूत अधोसंरचना, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।



