*गुना/भोपाल*
*29 जून 2026*
*केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 278 करोड़ रुपये की विद्युत परियोजना का किया शिलान्यास; 225 गांवों के 2.25 लाख लोगों को मिलेगी निर्बाध बिजली
*220/132 केवी क्षमता वाले अत्याधुनिक विद्युत सबस्टेशन के निर्माण से अगले 10 वर्षों की बिजली आवश्यकता होगी सुनिश्चित*
*जिसको किसी ने नहीं पूछा, उसको मोदी ने पूजा है : सिंधिया*
गुना/भोपाल। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज भौंरा स्थित मुद्रा हनुमान में 278 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले अत्याधुनिक 220/132 केवी विद्युत सबस्टेशन का भव्य समारोह में शिलान्यास किया। चक विश्वनगर में आयोजित जनसैलाब, उत्साह और विकास के संकल्प से परिपूर्ण इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। यह परियोजना क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करते हुए 225 गांवों के लगभग 2 लाख 25 हजार नागरिकों के जीवन में स्थायी बदलाव लाएगी। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अंत्योदय के मंत्र तथा वंचितों और शोषितों के उत्थान के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि जिसको किसी ने नहीं पूछा, उसे मोदी ने पूजा है।
*225 गांवों को मिलेगी निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली*
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि यह विद्युत सबस्टेशन केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के भविष्य में किया गया निवेश है। इसके निर्माण के बाद वर्षों से बिजली आपूर्ति में आने वाली कटौती और वोल्टेज संबंधी समस्याओं से लोगों को राहत मिलेगी। यह परियोजना 225 गांवों के लगभग 2.25 लाख लोगों तक निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करेगी तथा कृषि, उद्योग, व्यापार और घरेलू उपभोक्ताओं सभी को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
*अगले 10 वर्षों की बिजली आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है परियोजना*
उन्होंने बताया कि वर्तमान में गढ़ला, भौंरा कपासी तथा राघौगढ़ के 132 केवी विद्युत सबस्टेशनों को बिजली आपूर्ति 220 केवी गुना सबस्टेशन से की जाती है, जिसके कारण ट्रांसमिशन लाइन पर अत्यधिक भार की स्थिति उत्पन्न होती है। नए भौंरा (मुद्रा हनुमान) 220 केवी सबस्टेशन के निर्माण के बाद इन सभी 132 केवी सबस्टेशनों को यहीं से पर्याप्त वोल्टेज के साथ विद्युत आपूर्ति प्राप्त होगी। इससे लाइन ओवरलोडिंग पूरी तरह समाप्त होगी तथा अगले 10 वर्षों के अनुमानित विद्युत भार को भी सहज रूप से पूरा किया जा सकेगा।
*100 किलोमीटर नई ट्रांसमिशन लाइन से मजबूत होगा विद्युत नेटवर्क*
इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 50 किलोमीटर लंबी 220 केवी विद्युत लाइन तथा 50 किलोमीटर लंबी 132 केवी विद्युत लाइन का निर्माण किया जाएगा। 220/132 केवी क्षमता वाला यह आधुनिक सबस्टेशन पूरे क्षेत्र के ट्रांसमिशन नेटवर्क को अधिक सुदृढ़, विश्वसनीय और भविष्य के अनुरूप बनाएगा। इससे विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा बढ़ती मांग के अनुरूप निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी।
*विकास की मजबूत आधारशिला बन रही है आधुनिक अवसंरचना*
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में आधुनिक आधारभूत संरचना के निर्माण पर अभूतपूर्व गति से कार्य हो रहा है। सड़क, रेल, दूरसंचार, जल एवं ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे निवेश विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत विद्युत व्यवस्था किसी भी क्षेत्र के आर्थिक विकास, औद्योगिक विस्तार और रोजगार सृजन की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला होती है तथा यह परियोजना गुना जिले की विकास यात्रा को नई गति प्रदान करेगी।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में परियोजना को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। केन्द्रीय मंत्री ने नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए इसी प्रकार जनहित की परियोजनाओं को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।



