Skip to main content

Aaj Tak24x7

मानसून की पहली बारिश बनी काल: नाले में बहीं मां-बेटी, 8 माह की मासूम का शव बरामद, मां अब भी लापता*

*मानसून की पहली बारिश बनी काल: नाले में बहीं मां-बेटी, 8 माह की मासूम का शव बरामद, मां अब भी लापता

 

*आज तक 24x7news, सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट*

 

*अनपरा, सोनभद्र।* जिले में मानसून की पहली तेज बारिश एक परिवार पर कहर बनकर टूटी। अनपरा थाना क्षेत्र में उफनाए नाले के तेज बहाव में एक महिला अपनी 8 माह की बेटी के साथ बह गई। काफी तलाश के बाद मासूम बच्ची का शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर दामिनी गेस्ट हाउस के सामने पुल के पास नाले से बरामद हुआ, जबकि मां का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

जानकारी के अनुसार, अनपरा थाना क्षेत्र के एमटीसी कैंप के समीप औढ़ी मोड़ निवासी 27 वर्षीय सविता पत्नी राकेश बुधवार देर शाम अपनी 8 माह की बेटी जिया को लेकर घर से निकली थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला का घर नाले के समीप स्थित है और आशंका है कि वह शौच के लिए बच्ची को लेकर निकली थी।

इसी दौरान क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे पास का नाला अचानक उफान पर आ गया। बढ़े जलस्तर और तेज बहाव की चपेट में आने से मां और बेटी दोनों बह गईं। रात में जब सविता घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। घटना के समय महिला का पति घर पर मौजूद नहीं था। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी।

गुरुवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों ने ग्रामीणों के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। खोजबीन के दौरान बच्ची जिया का शव बरामद हुआ। वहीं कुछ आगे बहाव में महिला की साड़ी भी मिली, जिससे हादसे की आशंका और मजबूत हो गई। हालांकि खबर लिखे जाने तक महिला का पता नहीं चल सका था।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मासूम की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि परिजन अब भी महिला के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

प्रभारी निरीक्षक अनपरा ने बताया कि पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग लगातार नाले तथा आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चला रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनाए नालों, नदियों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

यह भी पढ़ें

शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय बस्ती अनूपपुर में अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिवार एवं छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को शिक्षा और साक्षरता के प्रति जागरूक किया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज में प्रत्येक व्यक्ति को पढ़ने-लिखने योग्य बनाने का संदेश दिया। साथ ही आसपास के असाक्षर व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें अक्षर साथियों के माध्यम से साक्षर बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में संस्था प्रधान के निर्देशन में साक्षरता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। अजय कुमार प्रसाद ने विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के इतिहास, उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना सीखना नहीं, बल्कि व्यक्ति को अपने अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाने का माध्यम है। सविता प्रजापति, विद्या राठौड़ एवं विकासखंड जैतहरी के बीएससी गंगा दिन राठौर ने भी साक्षरता अभियान की जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों से असाक्षर लोगों को साक्षर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रधान ने सभी अतिथियों, नागरिकों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। रिपोर्टर दिनेश केवट अनुपपुर

टॉप स्टोरीज

मौसम का हाल

मौसम डेटा स्रोत: https://weatherlabs.in