*’हरियाली आंदोलन’ से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे डॉ. बृजेश महादेव।
*आज तक 24x7news सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट।*
*सोनभद्र।* पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए हरियाली आंदोलन के संयोजक एवं पर्यावरण प्रेमी शिक्षक डॉ. बृजेश महादेव लगातार जन-जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उनके नेतृत्व में पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, पल्हारी (नगवां) के विद्यार्थियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया।
डॉ. महादेव ने बताया कि उनका अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है। इसका मुख्य उद्देश्य वनों का संरक्षण, लगाए गए वृक्षों की सुरक्षा और वर्षा ऋतु में विभिन्न प्रजातियों के बीज बोकर प्राकृतिक वन संपदा को बढ़ाना भी है। उन्होंने कहा कि वर्षों पहले रोपे गए कई पौधे आज विशाल वृक्ष बन चुके हैं, जो अभियान की सफलता का प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा, “एक वृक्ष पंद्रह पुत्रों से भी अधिक उपयोगी होता है।” वृक्ष हमें ऑक्सीजन, फल, फूल, औषधियाँ, ईंधन और लकड़ी जैसे अनेक संसाधन देते हैं। इसलिए हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
डॉ. महादेव ने बताया कि दार्जिलिंग की प्राकृतिक सुंदरता से प्रेरित होकर उन्होंने अपने पैतृक गांव भरहरी और कर्मभूमि पल्हारी से इस आंदोलन की शुरुआत की थी। अब तक इस अभियान के माध्यम से हजारों लोगों को पौधे और बीज वितरित किए जा चुके हैं। साथ ही उन्हें वृक्षारोपण और संरक्षण के लिए प्रेरित भी किया गया है।
उनकी एक विशेष पहल यह भी है कि उनके घर आने वाले हर अतिथि को विदाई के समय एक पौधा भेंट किया जाता है और उससे पौधे की देखभाल का संकल्प भी लिया जाता है। विद्यालयों में भी बच्चों को प्रकृति संरक्षण के संस्कार दिए जा रहे हैं ताकि वे अपने परिवार और समाज को इस मुहिम से जोड़ सकें।
अंत में डॉ. महादेव ने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं, उनकी रक्षा करें और ‘हरियाली आंदोलन’ से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा, *”जहाँ है हरियाली, वहाँ है खुशहाली।”*


