लोकेशन/ सोनभद्र उत्तर प्रदेश
रिपोर्ट / कन्हैयालाल केशरी
*दीपों से जगमगाया ओबरा ताप विद्युत गृह, ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में दिखी सामूहिक सहभागिता*
ओबरा, सोनभद्र। भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों तथा निगम मुख्यालय के निर्देशों के क्रम में 17 सितम्बर 2026 की शाम ओबरा ताप विद्युत गृह परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्युत गृह के प्रमुख परिसरों एवं कार्यालयों को दीपों से रोशन किया गया।
मुख्य महाप्रबंधक इं. दूधनाथ के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक भवन, वीआईपी गेस्ट हाउस, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, श्रमिक सुविधा केंद्र, टीटीआई सहित विभिन्न प्रमुख परिसरों में दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से पूरा विद्युत गृह परिसर आकर्षक एवं प्रकाशमय नजर आया।
कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा-भाव, सद्भाव, स्वच्छता, सकारात्मकता एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए स्वच्छ एवं सकारात्मक कार्य-संस्कृति का संदेश दिया।
कार्यक्रम में ओबरा ताप विद्युत गृह के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। दीपों से सुसज्जित परिसर ने एकता, सकारात्मक ऊर्जा और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया।
ओबरा ताप विद्युत गृह विद्युत उत्पादन के साथ-साथ स्वच्छता, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सकारात्मक कार्य-संस्कृति के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।



