# दशहरे पर योगेश चौहान जी की सराहनीय पहल, भागीरथपुरा में नायक समाज ने विधि-विधान से की कुलदेवता श्री पाबूजी महाराज की पूजा-अर्चन
**इंदौर से राकेश परमार की रिपोर्ट।**
**इंदौर।** दशहरे के पावन पर्व पर नायक समाज के युवा समाजसेवी **श्री योगेश चौहान जी** द्वारा भागीरथपुरा स्थित नायक समाज की धर्मशाला में पारिवारिक एवं धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज को एकजुट करना, आपसी भाईचारे को मजबूत करना और नायक समाज को प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाना रहा।
इस पावन अवसर पर धर्मशाला स्थित मंदिर में नायक समाज के कुलदेवता **श्री पाबूजी महाराज** की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। वहीं, श्री योगेश चौहान जी के पूजनीय पिता **श्री दुलीचन्द्र चौहान जी** ने समाज की पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन करते हुए श्री पाबूजी महाराज की पूजा के दौरान कासा भरने की परंपरा निभाई। इस अवसर पर योगेश चौहान जी की पूजनीय माताजी **स्वर्गीय श्रीमती प्रतिभा चौहान जी** का स्मरण करते हुए उनके प्रति श्रद्धा एवं सम्मान भी व्यक्त किया गया।
पूजा-अर्चना एवं भव्य आरती के पश्चात सभी उपस्थित समाजजनों और परिजनों के लिए दाल-बाफले एवं लड्डू की भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई, जिसका सभी ने श्रद्धापूर्वक लाभ लिया।
कार्यक्रम में नायक समाज के युवा साथियों, वरिष्ठजनों, माताओं और बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता के इस आयोजन में सभी ने मिलकर समाज की परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
**समाजसेवी श्री योगेश चौहान जी की इस पहल ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।** ऐसे आयोजन समाज के लोगों को एक मंच पर लाने, नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने और समाज की उन्नति के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



