Skip to main content

Aaj Tak24x7

म्योरपुर में बड़ा हादसा: ट्रेलर से भिड़ी यात्रियों से भरी बस, 5 घायल, एक महिला की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर*

*म्योरपुर में बड़ा हादसा: ट्रेलर से भिड़ी यात्रियों से भरी बस, 5 घायल, एक महिला की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

 

*आज तक 24x7news सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट*

 

*म्योरपुर,सोनभद्र।* स्थानीय थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर देवरी-बबनडीहा गांव के पास सुबह करीब 7:30 बजे रेणुकूट से अंबिकापुर जा रही सवारियों से भरी बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर उससे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी फैल गई।

 

इस दुर्घटना में 5 यात्री घायल हो गए। घायलों की पहचान छत्तीसगढ़ निवासी मुसर्रत खातून (25), कांचन निवासी रुखसार (25), म्योरपुर निवासी नेहा (19), रेणुकूट निवासी तराना बानो (24) और कांचन निवासी अशोक (50) के रूप में हुई है।

 

सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर ले जाया गया, जहां डॉ. संजीव बिंद ने उनका उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मुसर्रत खातून को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

 

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7