पुलिस ने उडीसा से गांजा लाकर शहर में बेचने वाले एक गांजा तस्कर को पकड़कर उसके पास से 03 किलो गांजा किया जप्त
पकड़े गये गांजा तस्कर के खिलाफ पूर्व से थाना ग्वालियर में जुआ व आर्म्स एक्ट के कुल 03 प्रकरण दर्ज हैं।
उडीसा के तस्कर एवं स्थानीय तस्कर के खिलाफ भी कार्यवाही कर दोनों की तलाश की जा रही है।
ग्वालियर। दिनांक 13.05.2025 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर जिले में अवैध शराब व मादक पदार्थो की खरीद फरोख्त करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी अनुक्रम में दिनांक 12.05.2025 को पुलिस को जरिये मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि थाना हजीरा क्षेत्रान्तर्गत पटरी वाली दरगाह के पास बिरलानगर हजीरा में एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर आने वाला है। उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। जिस पर से अति0 पुलिस अधीक्षक शहर (पूर्व/अपराध/यातायात) श्री कृष्ण लालचंदानी,भापुसे द्वारा थाना हजीरा पुलिस की टीम को मुखबिर की सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों केे निर्देशों के परिपालन में सीएसपी महाराजपुरा श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हजीरा निरी0 शिवमंगल सिंह सेंगर के द्वारा थाना हजीरा पुलिस की टीम को मुखबिर बताये स्थान पटरी वाली दरगाह के पास बिरलानगर हजीरा में भेजा गया। पुलिस टीम द्वारा पटरी वाली दरगाह के पास बिरलानगर में पहुंचकर तस्कर की तलाश की गई तो मुखबिर के द्वारा बताये अनुसार एक व्यक्ति पीठ पर एक स्लेटी रंग का बैग लिये रोड़ की तरफ आता हुआ दिखा, जिसने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया, परन्तु पुलिस टीम द्वारा उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गये व्यक्ति से नाम पता पूछने पर उसने स्वयं को तानसेन टॉकीज के सामने घासमण्डी जिला ग्वालियर का रहने वाला बताया। पकड़े गये व्यक्ति के पास से मिले बैग को खोलकर चेक किया तो उसमें ब्राउन रंग के तीन पैकेट मिले, जिन्हे खोलकर देखा तो उनमें अवैध मादक पदार्थ गांजा भरा हुआ मिला, जिसकी तौल कराने पर उसका वनज 03 किलोग्राम कीमती लगभग 60 हजार रूपये का होना पाया गया। पकड़े गये तस्कर से उक्त गांजा के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई तो उसके द्वारा उक्त गांजा नया पाडा उडीसा से दस हजार रुपये प्रति किलों के हिसाब से खरीदकर बीस हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से ग्वालियर में मछली मंडी लधेही ग्वालियर निवासी व्यक्ति को बेचने के लिये लाना बताया गया। पकड़े गये गांजा तस्कर का यह कृत्य धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत दण्डनीय पाये जाने से उसके पास से मिले 03 किलो गांजा को विधिवत जप्त किया गया। थाना हजीरा में पकड़े गये गांजा तस्कर एवं गांजा सप्लाई करने वाले व खरीददार के खिलाफ अप0क्र0-182/25 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पकड़े गये गांजा तस्कर के खिलाफ पूर्व से थाना ग्वालियर में जुआ व आर्म्स एक्ट के कुल 03 अपराध पंजीबद्ध है।
बरामद मशरूका:- 03 किलो गांजा कीमती लगभग 60 हजार रूपये।
सराहनीय भूमिका:- थाना प्रभारी हजीरा निरी0 शिवमंगल सिंह सेंगर, उनि0 अशोक सिंह तोमर, प्र.आर0 अनिल गुप्ता, आर0 संदीप जाट, आर0 अखिलेश छारी, आर0 विजय शंकर राठौर, आर0 करन चौरसिया, आर0 राजकुमार विमल, आर0 दिनेश तोमर की सराहनीय भूमिका रही।



