समाज और राष्ट्र की प्रगति में अहम भूमिका निभाती है शिक्षा : दीपक पाण्डे
ग्वालियर, शिक्षा का हमारे जीवन में अत्यधिक महत्व है। शिक्षा न केवल व्यक्ति के मानसिक और बौद्धिक विकास को बढ़ाती है बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में अहम भूमिका निभाती है। यह बात स्कूल शिक्षा मप्र के संयुक्त निदेशक दीपक पाण्डेय ने कही। उन्होंने कहा कि शिक्षा वह माध्यम है, जिससे व्यक्ति ज्ञान, मूल्य और कौशल प्राप्त करता है, जो हर इंसान को आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाता है। श्री पाण्डेय आज आईकॉम सेंटर पर आयोजित सम्मान कार्यक्रम में बोल रहे थे। बता दें, श्री पाण्डेय का भोपाल स्थानांतरण हो गया है। उनके सम्मान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शहर के विशिष्टजनों ने उन्हें श्रीफल व शॉल से सम्मानित किया।
डॉ. केशव पाण्डेय ने दीपक पाण्डेय के संयुक्त निदेशक के पद पर रहते ग्वालियर के लिए उनके द्वारा दिए गए उल्लेखनीय योगदानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दीपक पाण्डेय ने बहुत कम उम्र में बहुत सारी उपलब्धियां अर्जित कर लीं। अब वे नई जिम्मेदारियों को लेकर भोपाल पहुंचे हैं। वे संभाग से आगे बढक़र पूरे प्रदेश को अपना अनुभव व कौशल प्रदान कर शिक्षा के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित करेंगे।
इस अवसर पर एमडी पाराशर, पुरुषेत्तम पाण्डेय, अरविंद जैमिनी, राजेंद्र मुदगल, सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महेश मुदगल ने किया व अंत मे सुरेन्द्र पाल सिंह कुशवाह द्वारा उपस्थित लोगो का आभार व्यक्त किया गया।



