जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में विस्तार पूर्वक समीक्षा करते हुए निर्देशित किया

आर. चंद्रा ब्यूरो चीफ

 

औरैया 30 जून 2025- – जिलाधिकारी डॉ० इन्द्रमणि त्रिपाठी ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में विस्तार पूर्वक समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी संबंधित अपनी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए ईमानदारी के साथ हर जरूरतमंद को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करायें जिससे कोई भी जरूरतमंद असहज महसूस न करें और वह स्वास्थ्य लाभ लेकर स्वस्थ जीवन व्यतीत करें। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा० सुरेन्द्र कुमार सिंह के द्वारा अवगत कराया गया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान दिनांक 01 जुलाई 2025 से 31 जुलाई 2025 तक आयोजित किया जायेगा। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अन्तर्गत अन्तर्विभागीय सहयोग के द्वारा संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु गतिविधियां सम्पादित की जायेगी। नोडल अधिकारी डा० मनोज कुमार द्वारा अवगत कराया गया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के सफल संचालन हेतु जनपद स्तरीय एवं ब्लाक स्तरीय अन्तर्विभागीय बैठकें सम्पादित की जा चुकी हैं तथा अध्यापकों, स्थानीय निकायों, ग्राम विकास अधिकारियों एवं प्रधानों का संवेदीकरण पूर्ण किया जा चुका है। नोडल अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि दस्तक अभियान 11 जुलाई 2025 से 31 जुलाई 2025 तक चलाया जायेगा। दस्तक अभियान के दौरान आशा एवं आँगनवाडी कायकत्री द्वारा घर-घर भ्रमण किया जायेगा तथा ज्वर पीडित रोगियों, क्षय रोगियों, कुष्ठ रोगियों तथा फाइलेरिया रोगियों के लक्षण वाले व्यक्तियों को चिन्हित किया जायेगा एवं ई-कवच पोर्टल पर अपलोड किया जायेगा। आशा द्वारा भ्रमण के दौरान परिवार के समस्त सदस्यों की आभा आई०डी० बनायी जायेगी। आशा द्वारा घर-घर भ्रमण के दौरान ऐसे क्षेत्रों की सूचना जहाँ घरों के भीतर मच्छरो का प्रजनन पाया जायेगा,तो इसकी जानकारी जिला मलेरिया अधिकारी को दी जायेगी। आँगनवाडियों द्वारा कुपोषित बच्चों की पहचान एवं उपचार हेतु संदर्भित किया जायेगा। नगर विकास एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा नालियों की साफ-सफाई, लार्वीसाइडल का स्प्रे, फागिंग, उथले हैण्डपम्पों की पहचान कर लाल रंग से चिन्हिकरण एवं हैण्डपम्प की मरम्मत आदि कार्य किये जायेंगें। शिक्षा विभाग द्वारा छात्रों एवं अभिभावकों को क्लोरिनेशन का डेमो, पेयजल को उवालना, साबुन से हाथ धोना, शौचालय का प्रयोग हेतु जागरूक करना। पशुपालन विभाग द्वारा सूकर पालकों को पालन स्थल को स्वच्छ रखने एवं सूकर बाडों को आबादी से दूर रखने हेतु जागरूक किया जायेगा। कृषि विभाग द्वारा आवासीय क्षेत्रों के आसपास छछून्दर चूहे आदि को नियंत्रित करने की गतिविधियां सम्पादित की जायेंगी। स्वच्छ भारत मिशन द्वारा उच्च रोगभार वाले ग्रामों को प्राथमिकता के आधार पर खुले में शौच करने की गतिविधियां सम्पादित करायी जायेंगी। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित को निर्देशित किया कि समस्त विभाग अपनी कार्ययोजना के अनुसार निर्धारित गतिविधियों को सम्पादित कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी संबंधितों को निर्देशित किया कि रोड के किनारों से गोबर व गंदगी आदि हटाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी संबंधितों को सभी ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत एफ०आर०यू० की समीक्षा की गयी जिसमें एफ०आर०यू० अजीतमल में तैनात डा० प्रेमा यादव द्वारा सिजेरियन प्रसव में लापरवाही बरतने पर नाराजगी व्यक्त की और कार्य में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देशित किया कि चिकित्सालय में रात्रि निवास करें अन्यथा सम्बन्धित के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी ने एन०सी०डी० कैम्पेन की समीक्षा की तथा अर्बन को समय से टीकाकरण पूर्ण कराने के निर्देश दिये। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी को निर्देशित किया कि सभी सीएचसी/ पीएचसी को अनटाइड फंड से रंगाई पुताई, खिड़की, दरवाजे सहित अन्य आदि कार्य को पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आर०बी०एस०के० कार्यक्रम की समीक्षा की। समीक्षा में डा0 आशीष कुमार द्वारा आरबीएसके तहत लक्ष्य के सापेक्ष कार्य में लापरवाही करने पर नाराजगी व्यक्त की और कार्य में सुधार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि टीकाकरण कार्यक्रम को और सफल बनाने के लिए बच्चों का सत प्रतिशत रजिस्ट्रेशन किया जाए जिससे टीकाकरण के समय कोई छूटे नहीं और फीडिंग भी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि सभी एम ओ आई सी अपने-अपने तैनाती सी एच सी/ पी एच सी की देखरेख रखते हुए साफ- सफाई सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखें जिससे जरूरतमंद को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जा सके। बैठक में मलेरिया अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। उक्त के पश्चात् जिलाधिकारी ने सभी संबंधितों को संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शपथ भी दिलाई।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० सुरेन्द्र कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० शिशिर पुरी, , जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, डी पी एम व एम ओ आई सी सहित सभी संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

50% LikesVS
50% Dislikes

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज

मौसम का हाल

मौसम डेटा स्रोत: https://weatherlabs.in