आर. चंद्रा ब्यूरो चीफ
।
शिकायतों के निस्तारण में स्थलीय निरीक्षण के साथ-साथ संवाद करते हुए दोनों पक्षों की सहमति करें सुनिश्चित।
औरैया 05 जुलाई 2025- जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने तहसील अजीतमल में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में तहसील क्षेत्र के दूरदाराज से आए फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए उनके प्रार्थना पत्र लेकर संबंधितों को निर्देशित किया कि समस्या का संज्ञान लेकर स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष होकर मामले का निस्तारण सुनिश्चित करें और साक्ष्य के रूप में मौके की वीडियो/फोटोग्राफ भी करायें।
उक्त अवसर पर प्रार्थिनी रानी देवी पत्नी उदय प्रताप सिंह ग्राम भूरेपुर कला ने प्रार्थना पत्र देते हुए अवगत कराया कि मेरी भूमि की पैमाइश सरकारी टीम ने दो बार की और दो बार कब्जा भी दिलाया गया और मेड भी डलवाई गई थी मगर विपक्षीगणों ने मेड भी तोड़ दी और हम लोग गरीब निर्धन व्यक्ति हैं लड़ने के काबिल नहीं है विपक्षीगण दबंगी गुंडा किस्म के व्यक्ति हैं और नौकरी पेशा वाले हैं विपक्षीगण राम अवतार, रामकिशोर, चंद्रपाल, शिवपाल, कालीचरण आदि सभी लोग ज्ञानपुर प्रताप सिंह के रहने वाले हैं यह कठेरिया जाति के हैं। श्रीमान से निवेदन है कि मेरे प्रार्थना पत्र को स्वीकार करके मुझे मेरी भूमि दिलवाई जाए। जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार अजीतमल को निर्देशित किया कि मिशन समाधान में अंतिम निस्तारण करना सुनिश्चित करें। प्रार्थी सर्वेश दुबे पुत्र श्री बाबूराम निवासी कस्बा जाना अजीतमल ने प्रार्थना पत्र देते हुए अवगत कराया कि प्रार्थी के गांव में जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत कोई भी पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है और न ही कोई टोटी लगाई गई है इसलिए उक्त मोहल्ले के लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है जिससे मोहल्ले में पानी की किल्लत बनी हुई है और मोहल्लेवासी बहुत ही परेशान हैं उक्त गांव में जब लाइन बिछाई जा रही थी तो ठेकेदार आश्वासन देता रहा कि सभी गांव में हर घर में टोटी द्वारा जल की आपूर्ति सुनिश्चित के उपरांत ही काम बंद होगा और काम करते समय उक्त मोहल्ले को छोड़कर सामान आदि लेकर चला गया और वापस नहीं आया है कृपया उक्त मोहल्ले के निवासियों को जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत हर घर नल द्वारा जलापूर्ति कराने की कृपा करें जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण को निर्देश दिए कि 15 जुलाई तक पाइपलाइन डालकर हर घर में जलापूर्ति करना सुनिश्चित करें। प्रार्थिनी भूरी देवी पत्नी सुनील कुमार निवासी भौनी का पूर्वा ने अपने प्रार्थना पत्र में अवगत कराया कि प्रार्थिनी विकलांग एवं गरीब महिला है तथा ग्राम प्रधान ने सभी कागजात लिए थे कि तुम्हें प्रधानमंत्री आवास मिलेगा परंतु अभी तक कोई आवास आवंटन नहीं किया गया प्रार्थिनी के पास रहने के लिए कोई मकान नहीं है और प्रार्थिनी अपने ससुर के पास रह रही है जिससे रोजाना लड़ाई झगड़ा होता रहता है जिसमें प्रार्थिनी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है प्रार्थिनी की परेशानी को देखते हुए आवास दिलाने की कृपा करें जिस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी अजीतमल को निर्देश दिए की सर्वे कराकर पात्रता के अनुरूप आवास दिलाना सुनिश्चित करें।
उक्त के पश्चात जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी,उप जिलाधिकारी अजीतमल निखिल राजपूत, तहसीलदार अजीतमल अविनाश कुमार, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत तहसील परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 137 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिनमें से 07 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अजीतमल निखिल राजपूत, तहसीलदार अजीतमल अविनाश कुमार, नायब तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी अजीतमल महेंद्र पाल सिंह, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमर सिंह सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



