आर. चंद्रा ब्यूरो चीफ
जिला कृषि अधिकारी व ए आर को-ऑपरेटिव प्रतिदिन भ्रमणशील रहकर जनपद में उर्वरक की उपलब्धता की जांच कर आख्या करें प्रेषित।
बरसात के कारण मार्गों पर होने वाले गढ्डों से सड़क को गड्ढा मुक्त कराना करें सुनिश्चित।
जिला कार्यक्रम अधिकारी निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों का सतत निरीक्षण कर गुणवत्ता व प्रगति की जांच करते हुए कार्य कराये पूर्ण।
जनपद में पूर्ण हुई परियोजनाओं की फीडिंग कराई जाए सुनिश्चित।
जिला पंचायत राज अधिकारी 15वां एवं 5वां वित्त की धनराशि का नियमानुसार आवश्यकतानुरूप कराये उपभोग।
सभी संबंधित अपनी-अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए प्राप्त सन्दर्भों का गुणवत्ता के साथ निस्तारण करते हुए संतुष्टि प्रतिशत बढ़ाना करें सुनिश्चित।
औरैया 23 जुलाई 2025/ जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में जूम मीटिंग के माध्यम से समीक्षा करते हुए उप जिलाधिकारी व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद /नगर पंचायत को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप गोआश्रय स्थलों का विधिवत्त बारीकी से निरीक्षण करते हुए गोवंशों को दिए जाने वाले भूसा, हरा चारा ,दाना, बैठने की व्यवस्था, छाया, साफ-सफाई आदि के संबंध में विस्तृत जांच कर आज सायं तक निरीक्षण आख्या प्रत्येक दशा में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की शिथिलता /लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कृषकों की आवश्यकता /सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए समीक्षा के दौरान ए आर को-ऑपरेटिव एवं जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया कि वह सतत निरीक्षण कर उर्वरक की उपलब्धता को सुनिश्चित कराये और कहीं भी अधिक मूल्य में किसी के द्वारा उर्वरक की बिक्री न की जाए जिससे कृषकों को असुविधा हो साथ ही जनपद की प्रतिदिन की उर्वरक की उपलब्धता की सायं को आमजन/ कृषकों को जानकारी के उद्देश्य से प्रेस विज्ञप्ति जारी कराये। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में उर्वरक अधिक मूल्य पर (ब्लैक में) किसी के द्वारा विक्रय न की जाए और यदि इस संबंध में कोई जानकारी प्राप्त होती है तो तत्काल जांच कर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही करें।
जिलाधिकारी ने जूम मीटिंग में मार्गो /सड़कों की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि बरसात के कारण मार्गो /सड़कों में होने वाली टूट-फूट (गढ्डा) के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं।प्राथमिकता के साथ गड्ढा मुक्ति अभियान चलाकर सतत कार्यवाही करते हुए सड़कों /मार्गों को गड्ढा मुक्त कराये। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर गुणवत्ता /प्रगति को जांचते हुए निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराये।
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद में पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं की फीडिंग सुनिश्चित कराये जिससे पोर्टल पर कार्य की स्थिति/प्रगति प्रदर्शित हो सके। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में आवंटित होने वाले 15वां एवं 5वां वित्त की धनराशि का नियमानुसार आवश्यकतानुरूप उपभोग करना सुनिश्चित करें जिससे आवश्यकता के कार्य/मद को पूर्ण किया जा सके।
जिलाधिकारी ने जूम मीटिंग में जनपद की रैंकिंग का अवलोकन करते हुए सभी संबंधितों को निर्देशित किया कि अपने-अपने दायित्वों का पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए प्राप्त सन्दर्भों का गुणवत्ता के साथ स्वयं संज्ञान लेकर निस्तारण करें जिससे जनपद के संतुष्टि प्रतिशत में बढ़ोत्तरी हो सके।



