संवाददाता– धर्मेंद्र पाटीदार लटेरी

आनंदपुर कस्बे में तीन महिलाओं द्वारा दुकानों से चोरी की घटना से कस्बावासियों में भय का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते तीन-चार दिनों से अज्ञात संदिग्ध लोगों की गतिविधियां देखी जा रही थीं, जिसकी सूचना थाने में दी गई थी, लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया।
कपड़ा व्यापारी प्रमोद चौकसे ने बताया कि उनकी दुकान से महिलाएं साड़ियां लेकर गईं, जिसका प्रमाण सीसीटीवी कैमरे में मिला है। बर्तन व्यापारी छुट्टन जैन समेत कई अन्य व्यापारियों ने भी महिलाओं द्वारा चोरी किए जाने की पुष्टि की। ग्रामीणों ने बताया कि चोरी करने के बाद भी महिलाएं देर रात तक बाजार में घूमती रहीं।
अंततः विरोध बढ़ने पर पुलिस ने जांच कर महिलाओं से चोरी का सामान बरामद किया, लेकिन उन्हें थाने की सीमा से बाहर छोड़ दिया। इस घटना को लेकर कस्बावासियों में नाराजगी और चिंता व्याप्त है। इस पर एसडीओपी अमरीश पुरी ने कहा कि मैने पुलिस को कस्बे में संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और गश्त बढ़ाने के निर्देश देने की बात कही है।



