आर. चंद्रा ब्यूरो चीफ

औरैया 02 सितम्बर 2025/ जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में उ०प्र० राज्य जैव ऊर्जा नीति-2022 के अन्तर्गत जैव ऊर्जा उद्यमी निवेशकों को उसके द्वारा उपयोगार्थ कृषि अपशिष्ट यथा पराली/अन्य कृषि अपशिष्ट बाजार मूल्य पर सुगमता से उपलब्ध कराने के लिये एग्रीगेटर के चयन हेतु जिला स्तरीय गठित समिति की बैठक की गई। बैठक में एग्रीगेटर के रूप में कार्य करने हेतु 06 एफ०पी०ओ० द्वारा आवेदन किया गया, जिसमे से 02 एफ०पी०ओ० धुपकरी फार्मिंग प्रोड्यूसर कं० लि० सहार एवं चिरूहूली एग्रोटेक फार्मर प्रोड्यूसर कं० लि० औरैया द्वारा एग्रीगेटर हेतु पात्रता पूर्ण किये जाने पर जिलाधिकारी द्वारा उक्त एफ०पी०ओ० का चयन किया गया। चयनित एग्रीगेटर (एफ०पी०ओ०) जनपद में स्थापित होने वाले कम्प्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) संयंत्र जो फसल अवशेष आपूर्ति करायेंगे जिसके लिये सम्बन्धित सीबीजी प्लांट एवं एग्रीगेटर के मध्य अनुबंध कराया जायेगा एवं समन्वय स्थापित कर फसल अवशेष का मूल्य भी कृषकों को प्राप्त होगा साथ ही पराली जलाये जाने पर अंकुश लगेगा। बैठक में जिलाधिकारी ने प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत समस्त के०सी०सी० धारक कृषकों का बीमा कराये जाने हेतु जनपद के समस्त बैंको के जनपदीय समन्वयक को निर्देशित किया कि निर्धारित समयान्तर्गत कृषकों का बीमा करायें, जिससे कृषकों को फसल की क्षति होने पर क्षतिपूर्ति का लाभ प्राप्त हो सकें।
बैठक में उप कृषि निदेशक शैलेन्द्र कुमार वर्मा, अग्रणी जिला प्रबंधक राजीव कुमार, जिला खाद्य विपणन अधिकारी बृजेश यादव, संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी हिमांशु रंजन श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी एवं कृषक आदि उपस्थित रहे।



