आर. चंद्रा ब्यूरो चीफ


ग्राम समाज के तालाबों का वरीयता के साथ किया जाए पट्टा, राजस्व बढ़ोतरी होने के साथ-साथ मछुआ समुदाय के परिवारों का जीवन स्तर उठ सकेगा ऊपर।
औरैया 01 सितम्बर 2025- वीरु साहनी जी मा0 सभापति उत्तर प्रदेश मत्स्य जीवी सहकारी संघ लिमिटेड की अध्यक्षता में जनपद में मछुआ समुदाय के उत्थान हेतु संचालित योजनाओं की समीक्षा लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस देवकाली के सभागार में संपन्न हुई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में प्राप्त लक्ष्य 200 के सापेक्ष 62 आवेदकों के किसान क्रेडिट कार्ड आवेदन पत्र बैंकों को प्रेषित किए गए हैं जिनमें प्रक्रिया संचालित है। जनपद में मछुआ दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत 961 व्यक्तियों का बीमा कराया गया तथा एन.एफ.डी.पी. पोर्टल पर 1086 आवेदकों का पंजीकरण कराया गया।
बैठक की समीक्षा करते हुए माननीय सभापति महोदय ने निर्देश दिए कि जनपद की समस्त तहसीलों के अंतर्गत आने वाले तालाबों की निष्पक्ष नीलामी की जाए जिससे मछुआ समाज को रोजगार मिलने के साथ-साथ राजस्व की भी प्राप्ति हो। उन्होंने नई समितियों के गठन के संबंध में निर्देश दिए कि नवीन शासनादेश का अक्षरसः पालन करते हुए एक खंड/ न्याय पंचायत में एक ही समिति स्वीकृत की जाए एक से अधिक समितियां स्वीकृत करने पर समितियों के सदस्यों के मध्य आपसी बैमनषता की भावना पनपेगी जो कि समाज के लिए हितकर नहीं है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि समितियों में एक ही परिवार के व्यक्ति सम्मिलित न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी समितियों के सदस्यों का मछुआ दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत पंजीकरण कराने के लिए कैंप लगाए जाएं।
माननीय सभापति महोदय ने निर्देश दिए कि मछुआ समाज के लिए आवास हेतु शासन को पत्राचार कर उन्हें आवास दिलाया जाए साथ ही उन्होंने यह निर्देश दिए कि मछुआ समाज के व्यक्तियों को अधिक से अधिक संख्या में किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए बैंकों से समन्वय कर आवेदकों को लाभान्वित किया जाए। उक्त के अतिरिक्त उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मछुआ समाज के उत्थान हेतु संचालित सभी योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार- प्रसार कराया जाए और समाज के व्यक्तियों को जागरूक किया जाए। बैठक के अंत में बैठक में अनुपस्थित जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक (एल.डी.एम) तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में नायब तहसीलदार सदर प्रकाश चौधरी, थानाध्यक्ष सदर कोतवाली सहित समितियों के सदस्य व मछुआ समाज के लोग आदि उपस्थित रहे।



