Skip to main content

Aaj Tak24x7

कॉम्बिंग गश्त के दौरान 236 फरार स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार कर 306 गुण्डा व हिस्ट्रीशीटरों को किया चेक

🔴 कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिले के विभिन्न थानों में 89 स्थाई एवं 147 गिरफ्तारी सहित कुल 236 वारंटियों को किया गिरफ्तार और 306 गुण्डा, हिस्ट्रीशीटरों को किया चेक।
🔴 कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना बहोड़ापुर एवं इन्दरगंज में जुआ का 01-01 प्रकरण एवं थाना इन्दरगंज में सट्टा का 01 प्रकरण दर्ज किया गया। इसके अलावा 107/116 जाफौ के तहत 10 तथा अन्य प्रकरणों में 04 कार्यवाही की गई हैं।

ग्वालियर। 06.10.2025। त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने व आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे के निर्देश पर ग्वालियर जिले में दिनांक 05/06 अक्टूबर 2025 की दरमियानी रात्रि शहर व देहात के थाना क्षेत्रों में देर रात तक कॉम्बिंग गश्त किया गया। इस दौरान अति. पुलिस अधीक्षक ग्वालियर शहर(पूर्व/यातायात) श्रीमती विदिता डागर, अति. पुलिस अधीक्षक ग्वालियर शहर(पश्चिम/अपराध) श्रीमती सुमन गुर्जर, अति0 पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर एवं ग्वालियर पुलिस के समस्त राजपत्रित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों के साथ मय पुलिस बल के ग्वालियर शहर एवं देहात क्षेत्र में कॉम्बिंग गश्त किया। कॉम्बिंग गश्त से पूर्व अनुभाग वार पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर एकत्रित किया जाकर राजपत्रित अधिकारियों द्वारा फोर्स को ब्रीफ किया गया, उसके बाद अलग-अलग क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त के लिए रवाना किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा शहर में स्वयं कॉम्बिंग गश्त का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। ग्वालियर पुलिस के अधिकारियों द्वारा अधीनस्थ थाना बल के साथ अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त किया गया। इस दौरान उनके द्वारा फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुण्डों, हिस्ट्रीशीटरों एवं जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर चेकिंग के साथ ही बैंक एटीएम एवं होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों को भी चेक किया। इस गश्त के लिये पुलिस की टीमें बनाकर शहर व देहात क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों में भी गश्त की गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों तथा मुंह बांधे दो पहिया वाहन चालकों की विशेष तौर पर चेकिंग की गई।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने जिले में कुल 89 स्थाई वारंट, 147 गिरफ्तारी वारंट तामील कराये गये साथ ही 161 गुण्डा एवं 145 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया। कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना बहोड़ापुर एवं इन्दरगंज में जुआ का 01-01 प्रकरण एवं थाना इन्दरगंज में सट्टा का 01 प्रकरण दर्ज किया गया। इसके अलावा 107/116 जाफौ के तहत 10 तथा अन्य प्रकरणों में 04 कार्यवाही की गई हैं।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा कई सक्रिय बदमाशों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई साथ ही गुण्डों एवं हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड को अपडेट किया। शहर व देहात क्षेत्र की गली मौहल्लों में घूमकर पुलिस ने गुण्डे, बदमाशों की धरपकड़ की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा जिले में आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से यह कॉम्बिंग गश्त कराई गई। पुलिस टीमों द्वारा गुण्डों और बदमाशों तथा जिला बदर के आरोपियों के घर जाकर उनकी जानकारी ली गई, चैकिंग के दौरान प्रत्येक गुण्डा, बदमाश को चेतावनी भी दी गई कि यदि वह किसी भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। कॉम्बिंग गश्त के दौरान जेल से रिहा होकर आये आरोपियों को भी चेक किया गया। अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से ग्वालियर पुलिस द्वारा की गई यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7