*विंढमगंज में बालू माफियाओं में हड़कंप, कनहर नदी से अवैध खनन करते ट्रैक्टर पकड़ाया
*आज तक 24x7news सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट*
*विंढमगंज (सोनभद्र)।* कनहर और मलिया नदी में लंबे समय से चल रहे अवैध बालू खनन के खेल पर वन विभाग ने आखिरकार शिकंजा कस दिया है। शुक्रवार अलसुबह की गई कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया।
वन विभाग की टीम गश्त पर थी, तभी बैरखड़ बीट के कूदरी गांव के समीप कनहर नदी से अवैध रूप से बालू लादकर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली निकलती दिखी। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। बताया गया कि पकड़ा गया ट्रैक्टर आशीफ पुत्र अनवर निवासी विंढमगंज का है। विभाग की आहट मिलते ही नदी में मौजूद कई अन्य ट्रैक्टर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर अपने वाहन छिपाकर फरार हो गए।
वन विभाग की टीम पकड़े गए वाहन को रेंज कार्यालय ले आई, जहां *भारतीय वन अधिनियम-1927 की धारा 41, 42 एवं 69* के तहत मुकदमा पंजीकृत कर वाहन को सीज कर दिया गया है।
*दर्जनों गांवों में नदी का सीना छलनी*
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पकरी, हरपुरा, पतरीहा, डुमरा, फुलवार, जोरूखाड़ सहित दर्जनों गांवों से गुजरने वाली कनहर और मलिया नदी में रोजाना सैकड़ों ट्रैक्टरों से अवैध खनन हो रहा है। बालू को ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है, जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान और नदी के प्राकृतिक स्वरूप को भारी क्षति पहुंच रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि केवल एक ट्रैक्टर पकड़ने से काम नहीं चलेगा, पूरे रैकेट पर स्थायी कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी रत्नेश यादव ने बताया, गश्त के दौरान अवैध खनन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया है। वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वाहन को कब्जे में लिया गया है। आगे भी अभियान जारी रहेगा।


