*युवा मतदाताओं के मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए विद्यालय में नामित किए जाएंगे अधिकारी।
*युवा अपने साथ-साथ परिवारीजनों व सगे संबंधियों को मतदाता सूची में करायें सम्मिलित।*
औरैया ब्यूरो राम. चंद्रा
*औरैया 06 जनवरी 2026-* 18 वर्ष से 19 वर्ष आयु के ऐसे नव युवक जो 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के हैं फॉर्म 6 भर कर अपना नाम मतदाता सूची में अंकित करा सकते हैं। उक्त संबोधन जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने चौधरी विशम्भर सिंह बालिका इंटर कॉलेज औरैया में आयोजित निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन एवं नए मतदाताओं के पंजीकरण हेतु चलाए जाने वाले अभियान का शुभारंभ करते हुए दिए। उन्होंने बताया कि ऐसे मतदाता जिनका नाम आज प्रकाशित निर्वाचक नामावली में नहीं है वह अपना फार्म भरकर आवश्यक दस्तावेज संलग्न करते हुए संबंधित बीएलओ अथवा विद्यालय हेतु नामित नोडल अधिकारी को उपलब्ध करायें।उन्होंने कहा कि हमारा देश विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है जहां सभी वर्गों, धर्मों व संप्रदाय के नागरिकों को अधिकार है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए इच्छित प्रत्याशी को चुन सकते हैं तथा कोई प्रत्याशी इच्छित न होने पर नोटा के विकल्प का भी प्रयोग कर सकते हैं इस अधिकार के लिए भारत का नागरिक होने के साथ-साथ 18 वर्ष की आयु पूर्ण होनी आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के अंतर्गत 2025 की निर्वाचक नामावली के अनुसार सभी मतदाताओं को मतगणना प्रपत्र भरवाकर उनका सत्यापन किया गया है। उन्होंने कहा कि मतदान देश के प्रत्येक वयस्क नागरिक का कर्तव्य है जिसके द्वारा वह देश हित में सक्षम व सजक सरकार चुनकर देश के विकास में अपना योगदान दे सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा बीएलओ के माध्यम से नए मतदाताओं को चिन्हित कर उनके फार्म भरवाते हुए निर्वाचन नामावली में नाम सम्मिलित करने की प्रक्रिया की जा रही है।
अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) अविनाश चन्द्र मौर्य ने छात्र-छात्राओं को मतदाता बनने एवं परिवार के सदस्यों को मतदाता बनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि हम अपने मताधिकार का प्रयोग तभी कर सकते हैं जब हमारा नाम मतदाता सूची में सम्मिलित होगा। उन्होनें बताया कि जनपद के ऐसे विद्यालय जहां 18 वर्ष आयु के युवा अध्ययनरत है, को चिन्हित करते हुए नोडल अधिकारी नामित किये जा रहे हैं साथ ही एक कक्ष को प्रपत्र संकलन के लिए आरक्षित किया जा रहा है जहां छात्र-छात्राएं अपने आवेदन के साथ अपने पारिवारी जनों के भी आवेदन निर्धारित प्रारूप में आवश्यक प्रपत्रों के साथ जमा करा सकते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रचलित कर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान पीयूष दीक्षित ने मताधिकार के संबंध में कविता के द्वारा एवं भाग्या अवस्थी द्वारा मतदान पर आधारित अपने विचार व्यक्त किए गए।
उक्त अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0 /रा0) अविनाश चंद्र मौर्य,उप जिलाधिकारी सदर अजय आनंद वर्मा, तहसीलदार सदर प्रकाश चौधरी सहित भारी संख्या में छात्र- छात्राएं व नवयुवक आदि उपस्थित रहे।


