*किसानों और ‘लखपति दीदी’ अभियान को मिली नई शक्ति और रफ्तार: केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया
अतुल मल्होत्रा आज तक 24×7 ब्यूरो
*नई दिल्ली।* केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में भारतीय डाक विभाग ने कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय के बीच आज दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित एवं सशक्त भारत के संकल्प के तहत किए गए इन समझौतों से देश के 15 करोड़ किसानों और 12 करोड़ स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं के जीवन में व्यापक और स्थायी परिवर्तन आएगा। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि इन समझौतों से डाक विभाग बैंकिंग को गांव गांव तक पहुंचाएगा, कीटनाशक सैंपल की प्रक्रिया को सुदृढ़ करेगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 3 करोड़ लखपति दीदी के संकल्प को गति दी जाएगी। साथ ही केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इन समझौतों से देश की करोड़ों महिलाओं के जीवन में नया सवेरा आएगा एवं किसानों को नकली खाद के चंगुल से बचाया जाएगा।
*नकली खाद, बीज और कीटनाशक पर होगी निर्णायक कार्रवाई, स्पीड पोस्ट से होगी नमूनों की बुकिंग और डिलीवरी*
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के साथ हुए पहले समझौते के तहत नकली खाद, बीज और कीटनाशकों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई का रास्ता खुला है। अब इन कृषि इनपुट्स के नमूनों की बुकिंग और डिलीवरी भारतीय डाक की स्पीड पोस्ट सेवा के माध्यम से की जाएगी। नमूनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए QR कोड, डिजिटल सील और तापमान सेंसर जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। ये सैंपल अब 15 से 20 दिन की जगह मात्र 48 से 72 घंटे में प्रयोगशालाओं तक पहुँच सकेंगे, जिससे जांच रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध होगी और दोषी कंपनियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी। रियल-टाइम ट्रैकिंग से किसान और अधिकारी मोबाइल पर ही सैंपल की स्थिति देख सकेंगे। यह व्यवस्था नकली कृषि उत्पादों पर अब तक का सबसे सशक्त प्रहार सिद्ध होगी। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि इस समझौते से तकनीक के जरिए किसानों की नकली खाद से पूर्ण रूप से बचाया जाएगा।
*IPPB की बिज़नेस कॉरेस्पॉन्डेंट बनकर सशक्तीकरण के पथ पर तेजी से अग्रसर होंगी स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं*
दूसरा समझौता डाक विभाग और ग्रामीण विकास मंत्रालय के बीच हुआ, जिसका उद्देश्य ‘लखपति दीदी’ अभियान को नई गति देना है। इस पहल के तहत लाखों SHG दीदियाँ इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की बिज़नेस कॉरेस्पॉन्डेंट बनेंगी और उन्हें बैंकिंग सेवाएँ, बीमा, तथा ई-कॉमर्स पार्सल बुकिंग जैसी सेवाओं का प्रशिक्षण, टैबलेट, पीओएस मशीन और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके माध्यम से SHG दीदियाँ हर महीने ₹15,000 से ₹30,000 तक अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगी। साथ ही, डाक निर्यात केंद्रों (DNK) के ज़रिये SHG उत्पादों को वैश्विक बाज़ारों तक पहुँचाया जाएगा, जिससे ग्रामीण उद्यमिता को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।
सिंधिया ने कहा कि आज भारतीय डाक पूरी तरह आधुनिक और डिजिटल स्वरूप में आगे बढ़ रहा है। देश के 1,63,778 डाकघरों में से 85 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं और विभाग के पास 5.5 लाख से अधिक ग्रामीण डाक सेवक, मौजूद है। अपने संबोधन के अंत में केंद्रीय मंत्री ने कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित डाक विभाग के सभी कर्मियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि भारतीय डाक अब गाँवों में केवल सेवाएँ नहीं पहुँचा रहा, बल्कि आर्थिक सशक्तिकरण, पारदर्शिता और विश्वास की नई नींव रख रहा है। वहीं केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त करते हुए दोनों विभागों द्वारा समन्वय में कार्य कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को गति देने की बात कही।


