डी.एन. पब्लिक स्कूल बरेला का सांस्कृतिक वार्षिक समारोह हर्षोल्लास के साथ सम्पन्
बरेला। डी.एन. पब्लिक स्कूल बरेला में दिनांक 24 जनवरी 2026 को विद्यालय का सांस्कृतिक वार्षिक समारोह अत्यंत धूमधाम, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ पनागर विधानसभा के विधायक श्री सुशील तिवारी (इंदु भैया) द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री दीपक कुशवाहा ने विद्यालय की वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विद्यालय के 316 छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक नृत्य, नाटक, संगीत एवं काव्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नाटक ने दर्शकों को गहरा सामाजिक संदेश दिया, जिसे सभी ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मेधावी विद्यार्थियों का पुरस्कार वितरण समारोह रहा, जिसमें शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. सुरेंद्र सिंह कुल सचिव, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को कौशल विकास एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती रिशा पाण्डेय (ब्लॉक बंधक, आजीविका मिशन, पनागर), श्री प्रतीक दुबे (अध्यक्ष, नगर परिषद बरेला), डॉ. नीलेश पाण्डेय (प्राचार्य, हितकारिणी महिला महाविद्यालय), श्री अर्पित जैन (भाजपा मंडल अध्यक्ष), श्री आशीष शुक्ला (सरपंच) एवं श्री आलोक दुबे (सरपंच) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का संचालन श्री धर्मेंद्र कुशवाहा द्वारा किया गया तथा अंत में विद्यालय प्राचार्य ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


