Skip to main content

Aaj Tak24x7

हरिशंकर पुरम में स्वगणना अभियान को मिल रहा जनसमर्थन, 50% से अधिक कार्य पूर्ण

हरिशंकर पुरम में स्वगणना अभियान को मिल रहा जनसमर्थन, 50% से अधिक कार्य पूर्

ग्वालियर। हरिशंकर पुरम क्षेत्र में आगामी 1 मई से होने वाली भवन गणना को सफल बनाने के उद्देश्य से स्वगणना को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सुपरवाइजर एवं प्रगणकों की टीम घर-घर जाकर नागरिकों को स्वगणना के लिए प्रेरित कर रही है, जिससे क्षेत्र में उत्साहजनक परिणाम देखने को मिल रहे हैं।
क्षेत्र की पार्षद श्रीमती अर्पणा पाटिल स्वयं इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे प्रगणकों के साथ घर-घर जाकर नागरिकों को स्वगणना की प्रक्रिया समझाते हुए उन्हें इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित कर रही हैं। 7 एचएल बी क्षेत्र में अब तक 50 प्रतिशत से अधिक स्वगणना कार्य पूर्ण किया जा चुका है। पार्षद एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रियता के चलते 1 मई को प्रस्तावित जनगणना से पूर्व ही शत-प्रतिशत स्वगणना पूर्ण करने का संकल्प लिया गया है।
इस संबंध में नगर निगम ग्वालियर के जनगणना अधिकारी डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव द्वारा प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। उन्होंने कहा कि यदि नागरिक स्वप्रेरणा से स्वगणना करने लगेंगे, तो भविष्य में जनगणना प्रक्रिया में होने वाले खर्च में बड़ी बचत संभव होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि स्वगणना का सबसे बड़ा लाभ यह है कि इसमें दी गई जानकारी पूर्णतः गोपनीय रहती है। नागरिकों द्वारा दर्ज की गई जानकारी को कोई अन्य व्यक्ति नहीं देख सकता। स्वगणना पूर्ण होते ही संबंधित नागरिक के मोबाइल पर एक रसीद प्राप्त होती है, जिसे प्रगणक के मोबाइल में फीड कराकर जनगणना प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
नगर निगम ग्वालियर द्वारा 7 एचएल बी क्षेत्र में प्रयोग के तौर पर नागरिकों के सहयोग से शत-प्रतिशत स्वगणना का लक्ष्य रखा गया है। पार्षद श्रीमती अर्पणा पाटिल ने विश्वास व्यक्त किया कि इस अभियान की सफलता के बाद हरिशंकर पुरम क्षेत्र संपूर्ण मध्यप्रदेश में उत्कृष्ट वार्ड के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।
इस जनजागरूकता अभियान में प्रगणक के रूप में श्रीमती मीना चंदेल, संगम अग्रवाल, राजेश भार्गव, मृदुल गुप्ता एवं उमेश पाठक के नेतृत्व में टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है, जो क्षेत्र के नागरिकों को जागरूक कर स्वगणना को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज

मौसम का हाल

मौसम डेटा स्रोत: https://weatherlabs.in