रिपोर्ट
शमसुलहक खान
आज तक 24X7 न्यूज़ ब्यूरो बस्ती
*कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के खिलाफ व्यापारियों का प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन¯Ò
*गैस सिलेंडर का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर जताया विरोध, होटल-ढाबा और लघु उद्योगों पर संकट गहराने का आरोप*
बस्ती। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडरों की बढ़ी कीमतों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए गैस सिलेंडर का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपकर बढ़ी हुई दरों को तत्काल वापस लेने की मांग की गई। व्यापारियों ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में भारी वृद्धि से छोटे व्यापारियों, होटल संचालकों और कुटीर उद्योगों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बस्ती मंडल अध्यक्ष डॉ. मनोज सिंह ने कहा कि व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता न होने से कुटीर घरेलू उद्योग, मझौले उद्योग, होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैटरिंग व्यवसाय, डेरी संचालक, फेरी व ठेलों पर खाद्य सामग्री बेचने वाले लोगों का कारोबार बंदी के कगार पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण हजारों छोटे व्यापारियों की आजीविका प्रभावित हो रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष परमात्मा प्रसाद मद्धेशिया और सुनीत पांडेय ने बताया कि केंद्र सरकार ने एक मई 2026 से कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 2080 रुपये से बढ़ाकर 3171 रुपये प्रति सिलेंडर कर दी है। अचानक हुई इस वृद्धि से व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ गया है। जिला अध्यक्ष राकेश सिंह ने मांग की कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आवश्यकता के अनुसार उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। वहीं जिला महामंत्री आलोक दुबे ने घरेलू गैस सिलेंडर की तरह कमर्शियल गैस सिलेंडरों की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई। जिला संगठन महामंत्री भरत राम गुप्ता ‘बबलू’ ने कहा कि सरकार को गैस के वैकल्पिक संसाधनों की खोज के लिए अनुसंधान समिति गठित करनी चाहिए। जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने महंगाई और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए बढ़ी हुई दरों को तत्काल वापस लेने की मांग की। युवा जिला अध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि विवाह, शादी और अन्य आयोजनों के लिए मांग के अनुरूप सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। नगर महामंत्री धीरेंद्र चौधरी ने अस्पतालों और स्कूलों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कमर्शियल गैस उपलब्ध कराने की मांग रखी। नगर संगठन महामंत्री महेंद्र गुप्ता ने कहा कि गोदाम से गैस डिलीवरी लेने पर कंपनियों द्वारा एजेंसियों को दिए जाने वाले भाड़े को कमर्शियल गैस बिलों से घटाने का आदेश दिया जाए, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। वहीं युवा जिला अध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह ने कमर्शियल गैस सिलेंडर पर जीएसटी की दर 18 प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत किए जाने की मांग उठाई। उद्योग मंच जिला अध्यक्ष कमलेश चौधरी और महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष वंदना वर्मा ने कहा कि कमर्शियल गैस की कमी के कारण उद्योगों को पुराने वैकल्पिक ईंधनों के उपयोग की अनुमति दी जाए। साथ ही प्रदूषण विभाग और एनजीटी के नियमों में पांच वर्षों के लिए छूट प्रदान की जाए, ताकि छोटे उद्योगों को राहत मिल सके। व्यापारियों ने राष्ट्रपति से मांगों पर शीघ्र सहानुभूतिपूर्वक निर्णय लेने की अपील की। इस दौरान जिला युवा संगठन महामंत्री सत्य प्रकाश द्विवेदी, जिला युवा महामंत्री रणधीर सिंह, जिला युवा कोषाध्यक्ष ओम मिश्रा, नगर कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश वर्मा, महिला मोर्चा जिला महामंत्री गीता गौतम, जिला कोषाध्यक्ष राजेश्वरी शर्मा, कविता प्रजापति, सुभावती प्रजापति, नौमिता प्रजापति, प्रभावती प्रजापति और सुधा प्रजापति समेत बड़ी संख्या में व्यापारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।



