*यातायात पुलिस एवं एमएलबी कॉलेज के छात्रों द्वारा इंदरगंज चौराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर चलाया यातायात जागरूकता अभियान
ग्वालियर दिनांक 10.04.2026 । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह, भापुसे के निर्देश पर अति० पुलिस अधीक्षक (मध्य / यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल (भापुसे) एवं डीएसपी यातायात श्री अजीत सिंह चौहान (रापुसे) के मार्गदर्शन में आज दिनांक 10.05.2026 को यातायात पुलिस कंपू द्वारा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूकता करने के उद्देश्य से एमएलबी कॉलेज के छात्रों के सहयोग से एक रैली निकालने के दौरान इन्दरगंज चौराहे पर मानव श्रृंखला बनाई गई।
थाना प्रभारी यातायात कंपू निरीक्षक डॉ. के.पी.एस. तोमर द्वारा शहर में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कंपू एवं एमएलबी कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा आज इंदरगंज चौराहे पर विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। एक रैली निकालने के दौरान सभी छात्रों के द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर रैली व आमजन दोनों को अलग-अलग कर यातायात को सुचारू रूप से चलवाया और वाहन चालकों एवं राहगीरों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर छात्रों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने एवं ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करने संबंधी संदेश आमजन तक पहुंचाए। अभियान के दौरान यातायात पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए यातायात नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में उपस्थित यातायात पुलिस अधिकारियों ने छात्रों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की सहभागिता से यातायात जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। आमजन ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।



