बरेला में 52 वर्षों बाद सजा यादों का महाकुंभ,भूतपूर्व छात्र मिलन समारोह में छलका अपनापन, गुरुओं का हुआ सम्मा
बरेला – पीएम राइज हाई स्कूल बरेला का सभाकक्ष रविवार, 10 मई 2024 को उस समय भावुक यादों और आत्मीयता से भर उठा, जब वर्ष 1974 में मैट्रिक उत्तीर्ण करने वाले भूतपूर्व छात्र 52 वर्षों बाद एक मंच पर एकत्रित हुए। लंबे अंतराल के बाद मिले साथियों के चेहरों पर खुशी, उत्साह और पुरानी यादों की चमक साफ दिखाई दे रही थी। समारोह में लगभग 25 भूतपूर्व छात्रों ने सहभागिता कर अपने छात्र जीवन की यादों को फिर से जीवंत किया।
कार्यक्रम के संयोजक महेश मानव ने बताया कि इस ऐतिहासिक मिलन समारोह में तत्कालीन शिक्षकों
श्री ओ.पी. उपाध्याय (86 वर्ष), श्री बद्री प्रसाद दुबे (82 वर्ष) एवं श्री सुंदर लाल दुबे (89 वर्ष)
का पुष्पहार एवं शाल पहनाकर भावपूर्ण सम्मान किया गया। अपने विद्यार्थियों को वर्षों बाद एक साथ देखकर शिक्षक भी भावुक हो उठे।
समारोह के दौरान सभी साथियों ने उस विद्यालय परिसर का भ्रमण किया, जहां उन्होंने अपने जीवन के अनमोल वर्ष बिताए थे। पुरानी कक्षाएं, मैदान और विद्यालय का वातावरण देखकर सभी की स्मृतियां ताजा हो गईं। साथियों ने छात्र जीवन के संस्मरण साझा किए और बीते दिनों को याद कर ठहाकों एवं भावुक पलों का आनंद लिया।
नगर परिषद बरेला की ओर से उपाध्यक्ष सोनू सोनकर, पार्षद चंदन पटेल, दीपेश पटेल एवं विक्की ने तिलक लगाकर सभी भूतपूर्व छात्रों एवं अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक प्रेमदास रामायणी का रामायण शैली में किया गया स्वागत गायन रहा, जिसने पूरे वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
समारोह में पत्रकार जयराज चौधरी, रजनीश मांझी, माधव शर्मा सहित फिल्म डायरेक्टर संतोष सरगम, अजय पटेल, राजा उपाध्याय, सौरभ जैन, मयंक साहू, शंकर लाल मिश्रा, राहुल ठाकुर, भूरा रैकवार आदि की गरिमामयी उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
यह आयोजन केवल एक मिलन समारोह नहीं, बल्कि दोस्ती, गुरु-शिष्य परंपरा और पुरानी यादों के पुनर्जीवन का भावनात्मçक उत्सव बन गया।


