*आज तक 24 _ 7*
*लोकेशन: सतवास, देवास*
*संवाददाता: गणेश जायसवाल, कन्नौद*
—
*सतवास में जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 12 निजी स्कूलों की यूनिफॉर्म बेचने वाली “कान्हा कलेक्शन” दुकान सील
*देवास। 17 जुलाई 2026* निजी स्कूलों की यूनिफॉर्म को लेकर मिल रही शिकायतों पर शुक्रवार को जिला प्रशासन ने *सतवास* में बड़ी कार्रवाई करते हुए *कान्हा कलेक्शन* दुकान को सील कर दिया।
कलेक्टर *ऋतुराज सिंह* के निर्देश पर जिला परियोजना समन्वय अधिकारी *अजय मिश्रा* के नेतृत्व में शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान *सतवास तहसीलदार अवधेश कुमार यादव* और *थाना प्रभारी दिलीप पुरी* भी मौजूद रहे।
टीम ने दुकान के साथ कुछ निजी स्कूलों का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकानदार ने स्वीकार किया कि उसकी दुकान पर *12 निजी स्कूलों की यूनिफॉर्म* उपलब्ध है, लेकिन वह ऐसे कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका जिससे यह स्पष्ट हो सके कि वह इन स्कूलों की यूनिफॉर्म किस आधार पर बेच रहा था।
कलेक्टर द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन और यूनिफॉर्म बिक्री में एकाधिकार की शिकायत को देखते हुए प्रशासन ने दुकान को सील कर दिया।
*स्कूलों की भी हुई जांच*
संयुक्त टीम ने निजी स्कूलों में यूनिफॉर्म और पुस्तकों की व्यवस्था की भी जांच की।
*डीपीसी अजय मिश्रा* ने बताया कि पिछले कुछ समय से अभिभावकों की शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ निजी स्कूल एक ही दुकान से यूनिफॉर्म और किताबें खरीदने का दबाव बना रहे हैं, जिससे पालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जिलेभर में जांच अभियान जारी रहेगा। जहां भी आदेश का उल्लंघन या अभिभावकों को किसी एक दुकान से यूनिफॉर्म अथवा किताबें खरीदने के लिए बाध्य किए जाने की शिकायत मिलेगी, वहां संबंधित निजी स्कूलों के खिलाफ *एफआईआर सहित नियमानुसार कार्रवाई* की जाएगी।


