*दुद्धी में प्रभारी मंत्री हंसराज का जोरदार स्वागत, बूथ अध्यक्षों को दिया 2027 का मंत्र
*आज तक 24x7news सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट।*
*दुद्धी, सोनभद्र।* कृषि मंडी में बुधवार को झमाझम बारिश के बीच भारतीय जनता पार्टी का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित हुआ। सोनभद्र के जिला प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा का दुद्धी में पहली बार आगमन पर गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत हुआ। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने पुष्प वर्षा और तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा और जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता ने पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय एवं मां भारती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और वन्दे मातरम गीत के साथ किया।
बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के संकल्प के साथ विकसित भारत का निर्माण कर रही है। इसी सोच ने भारत को विश्व गुरु के रूप में स्थापित किया है। आज भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म में दुनिया में पहले स्थान पर है, भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है और ऑक्सीजन उत्पादन में भी देश अग्रणी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने संगठन के निर्देश साझा किए:
– *डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म* को शत-प्रतिशत पूरा करना
– *26 जुलाई* को प्रधानमंत्री के “मन की बात” को शत-प्रतिशत सुनना
– बूथ स्तर पर समितियों का गठन और पन्ना प्रमुख की भूमिका को मजबूत करना
– प्रदेश में भाजपा संगठन के 6 प्रकार के अध्यक्ष पदों की जानकारी देना
मंत्री ने कहा कि 2014, 2017, 2019 और 2024 के चुनावों में बूथ समितियों और अध्यक्षों की मेहनत से ही केंद्र और प्रदेश में सरकार बनी है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, कृषि, व्यापार, रोजगार, हर घर पक्का मकान, शौचालय और प्रधानमंत्री मुफ्त अन्न योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को अनाज उपलब्ध कराने के कामों को बताएं। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में भी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
दर्जा प्राप्त मंत्री जीत सिंह खरवार ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और बूथ अध्यक्षों को संगठन की रीढ़ बताया। जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने मंडलवार समीक्षा की और संगठनात्मक निर्देशों का पूर्ण पालन करने को कहा। निवर्तमान विधायक प्रत्याशी श्रवण सिंह गौड़ ने कहा कि बूथ स्तर की मजबूती से ही चुनाव जीते जाते हैं।
कार्यक्रम से पहले मंडल अध्यक्षों ने मंचस्थ अतिथियों का माल्यार्पण, अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर स्वागत किया। “भाजपा जिंदाबाद”, “भारत माता की जय” के नारे गूंजे। कार्यक्रम का संयोजन जिला उपाध्यक्ष मनोज सिंह बबलू ने किया।
अंत में वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में परिसर में हरिशंकरी वृक्षारोपण किया गया। इसमें पाकड़, बरगद और पीपल के पौधे लगाए गए। प्रभारी मंत्री ने भी कार्यकर्ताओं के साथ पौधरोपण में भाग लिया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी रवि पासवान, रेंजर सरिता गौतम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंह गौतम, मनोज मिश्रा, जिला मंत्री सुषमा सिंह गौड़, क्षेत्रीय मंत्री बी.एन. गुप्ता, दुद्धी चेयरमैन कमलेश मोहन, मंडल अध्यक्ष दीपक शाह, वीरेन्द्र चौधरी, रामेश्वर राय, युवा मोर्चा अध्यक्ष अजय चंद्रवंशी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता, पदाधिकारी और पुलिस-वन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।


