*जबलपुर ने खोया एक प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व : महेंद्र कुमार शर्मा का निधन*
जबलपुर। मध्यप्रदेश राज्य विद्युत मंडल (MPSEB) के सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक, प्रख्यात शिक्षाविद, योग शिक्षक एवं रामचरितमानस प्रेमी श्री महेंद्र कुमार शर्मा का 16 जुलाई 2026 को पुणे में निधन हो गया। वे अपने पीछे सेवा, सादगी, सहिष्णुता, आध्यात्मिकता और सामाजिक सरोकारों की समृद्ध विरासत छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार 18 जुलाई 2026 को जबलपुर के ग्वारीघाट में पूरे श्रद्धा एवं सम्मान के साथ संपन्न हुआ।
श्री शर्मा अपने सौम्य व्यक्तित्व, हरपल प्रसन्नचित्त रहने की प्रवृत्ति, परोपकारी स्वभाव तथा सभी की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने के कारण समाज में अत्यंत सम्मानित थे। शिक्षा, योग, धार्मिक, नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा। रामचरितमानस के प्रति उनकी गहन आस्था और सामाजिक जीवन में उनकी सक्रिय भागीदारी ने उन्हें जन-जन का प्रिय बना दिया था।
वे अपने पीछे धर्मपत्नी श्रीमती ज्योति शर्मा, तीन पुत्रियाँ श्रीमती रश्मि, श्रीमती गरिमा एवं सुश्री महिमा सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
अंतिम दर्शन एवं श्रद्धांजलि सभा में जबलपुर सहित विभिन्न स्थानों से आए सैकड़ों लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित जनों ने उन्हें एक निष्कलंक, कर्तव्यनिष्ठ, धर्मनिष्ठ, सत्यनिष्ठ एवं सेवाभावी व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनका निधन केवल शर्मा परिवार की ही नहीं, बल्कि जबलपुर और व्यापक समाज की भी अपूरणीय क्षति है। सभी ने उनके आदर्शों एवं मानवीय मूल्यों को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया।
दिवंगत आत्मा की तेरहवीं का कार्यक्रम 30 जुलाई 2026 को उनके निवास आयुषी पाम ग्रीन, गढ़ा गंगानगर, जबलपुर में आयोजित किया जाएगा, जहाँ परिजन, मित्रगण एवं शुभचिंतक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।


