पिछोर से विशेष संवाददाता मनमोहन की रिपोर्ट…
रन्नौद/ खरेंह
ट्रैक्टर की टक्कर से मंदिर के पुजारी की मौत: 1 घंटे तक नहीं पहुंची पुलिस-एंबुलेंस, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजा
शिवपुरी-जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक सड़क हादसे के बाद पुलिस और एंबुलेंस की कथित देरी से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। खरेह गांव के पास पेट्रोल पंप के नजदीक ट्रैक्टर की टक्कर से 65 वर्षीय मंदिर पुजारी की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद भी पुलिस और 108 एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने पचावली-रन्नौद मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और जाम समाप्त हुआ।
जानकारी के अनुसार खरेह गांव निवासी 65 वर्षीय जगदीश जोशी गांव के शनि मंदिर के पुजारी थे। गुरुपूर्णिमा के अवसर पर वे क्षेत्र के किसी मंदिर में दर्शन करने बाइक से पचावली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खरेह गांव के पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक कोई सहायता नहीं पहुंची। इससे नाराज ग्रामीणों ने पचावली-रन्नौद मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर वाहनों की कतार लग गई और लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस और इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल उठाते हुए समय पर सहायता नहीं मिलने का आरोप लगाया।
करीब डेढ़ घंटे बाद रन्नौद थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खुलवाया।रन्नौद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।


