नयापुरा स्कूल में शेड गिरने से छात्र घायल, विधायक प्रताप ग्रेवाल ने किया निरीक्ष
सरदारपुर/नयापुरा। विकासखंड के ग्राम नयापुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील किचन शेड की जर्जर छत का एक हिस्सा अचानक गिर जाने से कक्षा 6 के 13 वर्षीय छात्र के घायल होने की घटना सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक प्रताप ग्रेवाल मौके पर पहुंचे और विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर घायल छात्र के स्वास्थ्य की जानकारी ली। विधायक ने विद्यालय भवन एवं अन्य जर्जर हिस्सों का भी अवलोकन किया तथा अधिकारियों को विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक ग्रेवाल ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को विद्यालय भवनों का तत्काल निरीक्षण कराने, जर्जर एवं असुरक्षित हिस्सों की मरम्मत करवाने तथा आवश्यक सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है और विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
घटना के बाद शिक्षा विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी विद्यालय पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट: मुकेश परिहार
धार जिला संवाददाता



