//*होटलों में अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु ग्वालियर पुलिस की आकस्मिक चेकिंग*/
ग्वालियर, दिनांक 02.08.2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में संचालित होटलों एवं स्पा सेंटरों पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में विगत दिनों जनसुनवाई के दौरान कैलाश नगर, सिटी सेंटर क्षेत्र के नागरिकों द्वारा उनकी कॉलोनी में संचालित तीन होटलों के संबंध में शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए दिनांक 01.08.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल के मार्गदर्शन में महिला सुरक्षा शाखा प्रभारी डीएसपी शिखा सोनी तथा महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रश्मि भदौरिया ने पुलिस बल के साथ होटल हेरिटेज, हैप्पी इन एवं हेवन इन में आकस्मिक निरीक्षण किया।
चेकिंग के दौरान होटलों के रजिस्टर एवं रिकॉर्ड की जांच की गई, जिसमें अतिथियों के आधार कार्ड एवं अभिलेखों के संधारण में अनियमितताएं पाई गईं। इस संबंध में पूछताछ हेतु संबंधित होटल मैनेजरों को थाने लाया गया तथा होटल संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान होटल संचालकों एवं प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि होटल रजिस्टरों का नियमित एवं विधिवत संधारण करें, सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखें तथा बिना वैध पहचान पत्र (आईडी) के किसी भी व्यक्ति को होटल में कमरा उपलब्ध न कराएं।
साथ ही उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि होटल परिसर में किसी भी प्रकार की अनैतिक अथवा अवैध गतिविधि संचालित पाई जाती है, तो संबंधित संचालक एवं प्रबंधक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ग्वालियर पुलिस द्वारा होटलों एवं स्पा सेंटरों की चेकिंग का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।



