लोकेशन/ सोनभद्र उत्तर प्रदेश
रिपोर्ट/ कन्हैयालाल केशरी
*धारा 138 एनआई एक्ट के तीन मुकदमों में वांछित वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार*
ओबरा (सोनभद्र), 4 अगस्त। थाना ओबरा पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली अभियान के तहत धारा 138 एनआई एक्ट के तीन अलग-अलग मुकदमों में वांछित एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी प्रभात राय के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान उपनिरीक्षक रामसागर पटेल व हेड कांस्टेबल अशोक कुमार ने क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर शारदा मंदिर के पास दबिश देकर संजय कुमार विश्वास (49 वर्ष) पुत्र स्व. सुशील कुमार विश्वास, निवासी गैस गोदाम रोड, थाना ओबरा को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मैसर्स अपर्णा एंटरप्राइजेज से संबंधित है तथा उसके विरुद्ध धारा 138 एनआई एक्ट के तीन मामलों में न्यायालय द्वारा वारंट जारी था। इनमें थाना रॉबर्ट्सगंज के दो तथा थाना लंका, जनपद वाराणसी का एक मामला शामिल है।
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को संबंधित न्यायालयों में पेश करने के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी की पूरी प्रक्रिया माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए संपन्न कराई गई।



