जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी समाचार
शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन में करैरा एसडीएम की सख्त कार्रवाई –
ग्राम बघेदरी अव्वल की राशन दुकान पर बड़ी कार्रवाई, सेल्समैन और सहायक विक्रेता पर FIR दर्ज
करैरा। गरीबों के हक के राशन में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिले में शासकीय उचित मूल्य दुकानों की जांच और सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में ग्राम बघेदरी अव्वल की शासकीय उचित मूल्य दुकान में अनियमितता पाए जाने के बाद सेल्समैन सुशील मंडोलिया एवं सहायक विक्रेता रामजीलाल जाटव के खिलाफ करैरा थाने में आपराधिक प्रकरण दर्ज कराया गया है।
दोनों के खिलाफ राशन सामग्री में अनियमितता एवं खुर्द-बुर्द के मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 एवं 7 के तहत कार्रवाई की गई है।
करैरा एसडीएम अनुपम शर्मा के अनुसार तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार करैरा की संयुक्त टीम ने राशन दुकान का औचक निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन किया।
जांच के दौरान दुकान में मात्र गेहूं 450 किलोग्राम , नमक 5 किलोग्राम पाया गया।
जबकि POS पोर्टल के अनुसार दुकान में स्टॉक होना चाहिए था गेहूं 3,391 किलोग्राम चावल 844 किलोग्राम नमक 244 किलोग्राम । भौतिक सत्यापन में 2,941 किलोग्राम गेहूं, 844 किलोग्राम चावल और 239 किलोग्राम नमक कम पाया गया। बाजार दर के अनुसार इस राशन सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 9 हजार 373 रुपये बताई गई है।
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप – जांच के दौरान मौजूद ग्रामीणों एवं पात्र हितग्राहियों ने टीम के समक्ष कई शिकायतें दर्ज कराईं।
ग्रामीणों का आरोप है कि राशन दुकान का स्थान बार-बार बदला जाता था। हितग्राहियों से मशीन पर बायोमेट्रिक फिंगर लगवा लिए जाते थे, लेकिन कई बार राशन सामग्री नहीं दी जाती थी।
कुछ हितग्राहियों ने यह भी आरोप लगाया कि दो महीने के राशन के स्थान पर केवल एक महीने का राशन दिया जाता था।
जांच टीम द्वारा ग्रामीणों के कथनों के आधार पर पंचनामा तैयार कर बयान दर्ज किए गए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर FIR तहसीलदार करैरा द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर खाद्य विभाग की ओर से सेल्समैन सुशील मंडोलिया एवं सहायक विक्रेता रामजीलाल जाटव, निवासी ग्राम बघेदरी अव्वल, के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद राशन दुकानों में अनियमितता करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अभी तो शुरुआत है… आगे हो सकती है बड़ी कार्रवाई! प्रशासन की कार्रवाई को सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अनियमितता करने वालों के लिए बड़ी चेतावनी माना जा रहा है। आने वाले दिनों में अन्य शासकीय उचित मूल्य दुकानों की भी जांच तेज होने की संभावना है।गरीबों के हक का राशन किसी भी कीमत पर नहीं छीनने दिया जाएगा—प्रशासन की नजर अब अन्य राशन दुकानों पर भी है।



