Skip to main content

Aaj Tak24x7

बरखेड़ा गिर्द में जन विश्वास शिविर में पहुंचे केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं

 

CM जन विश्वास शिविर के आवेदनों का भी जनसुनवाई की तर्ज पर ऑनलाइन डेटाबेस तैयार हो: सिंधिया

 

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा- वो दौर चला गया जब जनता को मंत्री और प्रशासन के चक्कर लगाने पड़ते थे

 

गुना।

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री सह स्थानीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज अपने गुना प्रवास के दूसरे दिन बरखेड़ा गिर्द में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को जाना। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। शिविर में कई मामलों में मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई, जिनमें बीपीएल कार्ड जारी करने और केवाईसी पंजीयन से जुड़े प्रकरण भी शामिल रहे।

*आवेदनों की हो ऑनलाइन मॉनिटरिंग*

 

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि जनसुनवाई शिविर की तर्ज पर मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में प्राप्त आवेदनों को भी ऑनलाइन दर्ज किया जाए और उनके निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि आवेदन के पंजीयन से लेकर उसके निराकरण तक की प्रक्रिया की निगरानी होने से लोगों को अपनी शिकायतों की स्थिति की जानकारी मिल सकेगी। सिंधिया ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि इस प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से लागू किया जाए और आवेदकों को उनकी समस्याओं के निराकरण की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। गुना संसदीय क्षेत्र की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित समय में लोगों की समस्याएं सुनी जाती हैं और उनके समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाती है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में भी प्राप्त आवेदनों के लिए पंजीयन, समाधान और फॉलो-अप की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन ट्रैक करने की व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए।

 

शिविर में स्थानीय निवासी विजय ने बताया कि उनके क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है तथा ट्यूबवेल तक पाइपलाइन पहुंचाने के लिए आवश्यक स्वीकृति भी मिल गई है।

*अब प्रशासन जनता के बीच*

सिंधिया ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हर शुक्रवार आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के जिलों में शासन और प्रशासन मिलकर जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में काम कर रहे हैं। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इसका मूल भाव यही है कि जनता को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए अलग-अलग स्तरों पर भटकना न पड़े और प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी बात सुने। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस का काल खंड चला गया, जहां लोग मंत्री और प्रशासन के चक्कर लगाते थे। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का समय है, जहां मंत्री और प्रशासन लोगों के चक्कर लगाते हैं और जनता की हर कठिनाई का समाधान निकालते हैं। आज शासन और प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है और उनके समाधान की दिशा में कार्य कर रहा है।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7