डीजे प्रतियोगिता नहीं होने देने की मांग, डीजे संचालकों ने थाना राजोद पर सौंपा ज्ञाप
राजोद। सरदारपुर तहसील के लाबरिया एवं राजोद क्षेत्र के डीजे वाहन संचालकगण द्वारा डीजे प्रतियोगिता नहीं होने देने, अत्यधिक ध्वनि में डीजे संचालन पर प्रभावी रोक लगाने तथा सभी डीजे संचालकों पर समान रूप से नियम लागू किए जाने की मांग को लेकर अधिवक्ता रवि बैरागी के माध्यम से थाना राजोद पर ज्ञापन स्वरूप आवेदन प्रस्तुत किया गया।
डीजे वाहन संचालकगण ने आवेदन में बताया कि डीजे वाहन संचालन उनके लिए आजीविका का प्रमुख एवं कई संचालकों के लिए एकमात्र साधन है। अपनी पूंजी लगाकर डीजे वाहन खरीदकर वे विवाह, सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में डीजे संचालन का कार्य करते हैं तथा इसी आय से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में डीजे प्रतियोगिता एवं अनावश्यक प्रतिस्पर्धा से उनके व्यवसाय एवं आजीविका पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
संचालकों ने स्पष्ट किया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार की डीजे प्रतियोगिता का आयोजन, समर्थन अथवा उसमें भागीदारी नहीं करेंगे। साथ ही उन्होंने प्रशासन से मांग की कि स्थानीय अथवा अन्य क्षेत्रों से आने वाले किसी भी डीजे संचालक द्वारा प्रतियोगिता अथवा निर्धारित नियमों के विपरीत अत्यधिक ध्वनि में डीजे संचालन किए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए।
डीजे संचालकों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष के व्यवसाय में हस्तक्षेप करना नहीं है, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी डीजे संचालकों पर समान नियम लागू कराना है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।.. न्यूज़ मुकेश.


