‘”*मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा प्रारंभ*
*सीएम यादव और ट्रांसपोर्ट मंत्री गडकरी दिखाएंगे हरी झंडी*
*मिश्रीलाल कोहरे*
*भोपाल*
प्रदेशवासियों को सुगम, सुरक्षित और विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ का शुभारंभ 25 सितंबर से होगा।
राजधानी के बीएचईएल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी नई यात्री बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
*संभागायुक्त-कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा*
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा एवं कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बीएचईएल दशहरा मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग, ट्रैफिक एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए। निर्देश दिए कि आने-जाने वाले मार्गों पर ट्रैफिक सुचारू रहे ताकि नागरिकों को असुविधा न हो।
*पैनिक बटन और GPS से होगी निगरानी*
परिवहन विभाग के अनुसार सभी बसों में महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए पैनिक बटन और GPS सिस्टम लगाया गया है। कंट्रोल रूम से बसों की लाइव लोकेशन पर नजर रखी जाएगी। बसों का संचालन CNG और इलेक्ट्रिक तकनीक से प्रशिक्षित चालकों द्वारा किया जाएगा।
*2031 तक 15 हजार बसों का लक्ष्य*
राज्य सरकार ने वर्ष 2031 तक प्रदेश में बसों की संख्या 15 हजार तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। हर साल 2,500 से 3,000 नई बसें बेड़े में जोड़ी जाएंगी। ड्राइवरों के प्रशिक्षण के लिए इंदौर और छिंदवाड़ा में IDTR सेंटर शुरू हैं, वहीं भोपाल, बैतूल, छतरपुर, उज्जैन, ग्वालियर में 5 रीजनल और जिला स्तर पर 22 नए ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे।

