स्‍वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को युवा आत्‍मसात करें- केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधियास्‍वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा का अनावरण एवं उद्यान पार्क का किया लोकार्पण


समाचार रिपोट हारुन खान क़ुरैशी


अशोकनगर 01 दिसम्‍बर 2024
स्‍वामी विवेकानंद जी के आदर्शो को युवा अपने जीवन में आत्‍मसात करें। साथ ही बौद्धिकी क्षमता के साथ आध्‍यात्मिक क्षमता को बढाकर सशक्तिशाली प्रारूप में उभरकर विश्‍व में भारत का नाम रोशन करें। इस आशय का उद्बोधन केन्‍द्रीय संचार एवं पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने रविवार को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्‍सीलेंस शासकीय नेहरू महाविद्यालय अशोकनगर में स्‍वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा का अनावरण एवं उद्यान पार्क के लोकार्पण कार्यक्रम में कही।
कार्यक्रम में केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि अशोकनगर को प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज की सौगात मिली है। कॉलेज के नौजवान छात्र-छात्रा देश की शान है। उन्‍होंने कहा कि मुझे खुशी है कि हमारा कॉलेज ऐतिहासिक कॉलेज रहा है। इसकी नीव राजमाता विजयाराजे सिंधिया ने रखी गई थी। अब यह वट वृक्ष के रूप में खडा हो चुका है। साथ ही मेरे पूज्‍य पिताजी द्वारा कॉलेज के लिए विधि प्रारूप की मान्‍यता को निरंतर बनाये रखने हेतु आवश्‍यक सहयोग दिया था। इस कॉलेज से मेरा तीन पीढि़यों का रिश्‍ता है। मैं सौभाग्‍यशाली मानता हॅू कि ऐसे कार्यक्रम में मुझे सम्मिलित होने का मौका मिला। जो ऐतिहासिक कार्यक्रम बनने जा रहा है। इस महाविद्यालय में स्‍वामी विवेकानंद जी की शक्ति की बात होगी। साथ ही बौद्धिक क्षमता के विस्‍तारीकरण के साथ-साथ आध्‍यात्मिक क्षमता को बढावा मिलेगा। उन्‍होंने स्‍वामी जी के विभिन्‍न संस्‍मरणों के बारे में युवाओं को प्रेरित किया। उन्‍होंने कहा कि युवा शक्ति अपने अध्‍ययन के साथ-साथ विकसित भारत के विकास के पथ पर अग्रसर होकर कार्य करें। जिससे विश्‍व पटल पर भारत का नाम रोशन हो सके। उन्‍होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में देश विकसित भारत के रूप में निरंतर अग्रसर हो रहा है।
स्‍वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा का अनावरण एवं उद्यान पार्क का किया लोकार्पण
कार्यक्रम में केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया द्वारा शासकीय नेहरू स्‍नातकोत्‍तर महाविद्यालय अशोकनगर परिसर में स्‍वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस दौरान उन्‍होंने माल्‍यार्पण कर स्‍वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा के चरणों नमन किया। साथ ही स्‍वामी विवेकानंद उद्यान पार्क का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री महेंद्र भारद्वाज ने महाविद्यालय में कराये गये विकास कार्यो के बारे में संक्षिप्‍त जानकारी दी।
बैठक में जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्री अजय प्रताप सिंह यादव,चंदेरी विधायक श्री जगन्‍नाथ सिंह रघुवंशी,अशोकनगर विधायक श्री हरीबाबू राय,भाजपा जिला अध्‍यक्ष श्री आलोक तिवारी,नगरपालिका अध्‍यक्ष श्री नीरज मनोरिया,पूर्व विधायक श्री जजपाल सिंह जज्‍जी,कलेक्‍टर श्री सुभाष कुमार द्विवेदी,पुलिस अधीक्षक श्री विनीत कुमार जैन,जनभागीदारी समिति के सदस्‍यगण,प्राचार्य श्री मनोज ठाकुर सहित जनप्रतिनिधिगण,अधिकारीगण एवं बडी संख्‍या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समाचार क्रमांक/02/1577/2024 फोटो..02
जननी संरक्षक का अभियान गर्भवती माताओं के लिए हुआ वरदान साबित- केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया
जननी संरक्षक अभियान की पहल करने पर जिला प्रशासन की सराहना
जननी संरक्षक अभियान कार्यक्रम में केन्‍द्रीय मंत्री हुए शामिल
अशोकनगर 01 दिसम्‍बर 2024
जननी संरक्षक अभियान गर्भवती माताओं के उज्जवल भविष्य के लिए वरदान साबित हो रहा है। जिला प्रशासन द्वारा इस महत्वपूर्ण अभियान के माध्यम से जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं को वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की चिताओं से मुक्त करने की अनूठी पहल की गई है। यह बात केन्‍द्रीय संचार एवं पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने रविवार को जिला मुख्‍यालय अशोकनगर के तुलसी सरोवर पर आयोजित जननी संरक्षक अभियान कार्यक्रम में मुख्‍य अतिथि के रूप में कही।

कार्यक्रम में केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि कुपोषण आज हमारे देश में जटिल समस्या है। कुपोषण से निपटने के लिए यह अभियान काफी सार्थक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों एवं समाज सेवियों को भी इस अभियान से जोड़ा गया है। इसके सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पुनीत अभियान में सेहत की टोकरी के साथ-साथ जीवन यापन की मुहिम चलानी होगी। उन्होंने कहा कि संविधान के संकल्प जैसा कुपोषण मुक्ति का भी संकल्प लेना होगा। घर-घर प्रत्येक व्यक्ति को अभियान से जोड़कर इसको आगे बढ़ाना होगा। महिलाओं को प्रथम पंक्ति में लाने के लिए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाओं के लिए आवास हेतु 22 करोड़ घर स्वीकृत कर प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत 10 करोड़ महिलाओं को इससे जोड़ा गया। साथ ही स्‍व सहायता समूह की गतिविधियों के अंतर्गत 11 करोड़ महिलाओं को रोजगार से जोड़ा गया है। उन्होंने कलेक्टर सहित समस्त जिला प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि अशोकनगर जिले में जननी संरक्षक अभियान एक उदाहरण देश एवं प्रदेश के लिए प्रस्तुत किया गया है यह अनोखा प्रयास है। उन्होंने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्यवाही किए जाने तथा भूमाफियाओं के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने तथा राशन माफिया के विरोध कार्यवाही किए जाने की बात कही। उन्होंने बताया कि जिले में 35 एमएलडी पानी की उपयोगिता सुनिश्चित कराई गई है। जिले में खाद की कठिनाई न हो, इस हेतु जिले में 5700 मैट्रिक टन खाद भिजवाया गया है। साथ ही 2700 मेट्रिक टन खाद शीघ्र ही जिले को उपलब्ध हो जाएगा। उन्‍होंने बताया कि ललितपुर- चंदेरी- पिपरई रेल मार्ग सर्वे हेतु 2 करोड रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। साथ ही मेमू ट्रेन बीना से तक चलती थी अब उसे बढ़ाकर रुठियाई तक जोड़ा गया है जिससे कोटा इंदौर ट्रेन से अशोकनगर गुना के लोगों को इंदौर जाने में आसानी होगी। उन्होंने बताया कि ढाई करोड रुपए की लागत से जिला मुख्यालय पर डाक विभाग का मुख्य डाकघर का निर्माण कराया जाएगा। कार्यक्रम में चार जननी माताओं तथा तीन कुपोषित बच्चों को सेहत की टोकरी का वितरण किया गया। कार्यक्रम में गीता पाठ करने बाली लड़कियों को प्रमाण पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया गया।
निर्माण कार्यो का हुआ लोकार्पण एवं शिलान्‍यास
कार्यक्रम में केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया द्वारा 04 कार्यो का लोकार्पण राशि 06.57 करोड रूपये तथा लागत 11.333 करोड़ रूपये के 19 कार्यो का शिलान्‍यास किया गया।
संविधान की प्रस्‍तावना का दिलाया संकल्‍प
कार्यक्रम में केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्‍तावना का वाचन किया गया। इस दौरान उन्‍होंने उपस्थितजनों को संविधान की प्रस्‍तावना का संकल्‍प दिलाया।
कार्यक्रम में कलेक्‍टर श्री सुभाष कुमार द्विवेदी द्वारा जिले में चलाये जा रहे जननी संरक्षक अभियान की विस्‍तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में चंदेरी विधायक श्री जगन्‍नाथ सिंह रघुवंशी,अशोकनगर विधायक श्री हरीबाबू राय,भाजपा जिला अध्‍यक्ष श्री आलोक तिवारी एवं नगरपालिका अध्‍यक्ष श्री नीरज मनोरिया ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्री अजय प्रताप सिंह यादव,पूर्व विधायक श्री विधायक श्री जजपाल सिंह जज्‍जी,श्री गजराम सिंह यादव,श्री लड्डूराम कोरी,श्री राजकुमार सिंह यादव,पुलिस अधीक्षक श्री विनीत कुमार जैन,सीईओ जिला पंचायत डॉ.नेहा जैन सहित जनप्रतिनिधिगण,अधिकारीगण एवं बडी संख्‍या में जननी संरक्षक,महिलाएं उपस्थित रही।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

100% LikesVS
0% Dislikes

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज

मौसम का हाल

मौसम डेटा स्रोत: https://weatherlabs.in