दैनिक प्रथम मंच संवाददाता तालिब सैफी
अमरोहा के हसनपुर में जमीन बिक्री के पैसे हड़पने की नीयत से डायल 112 पर चोरी की झूठी सूचना देने वाले समरपाल पुत्र नरेश खडगवंशी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को हुई इस घटना में समरपाल ने दावा किया था कि उसके भाई के घर से अज्ञात चोरों ने 17 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र तीन घंटे में मामले का खुलासा कर दिया। जांच में पता चला कि समरपाल के भाई सोनू और मां कलावती दहेज हत्या के मामले में जेल में हैं। पिता ने सोनू के हिस्से की जमीन 12 लाख 25 हजार रुपये में बेची थी, जो राशि समरपाल को मिली। उसने 3 लाख रुपये अपनी बहन को दिए और शेष 7 लाख रुपये घर में छिपाकर चोरी की झूठी कहानी रची।
हसनपुर थाना पुलिस ने समरपाल की पत्नी अंजली के मोबाइल से मायके की बातचीत के आधार पर सुराग जुटाए और 10 लाख रुपये नकद व एक मोबाइल फोन बरामद किया। कोतवाल प्रेमपाल सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



